मुंबई में CM मोहन यादव की उद्योगपतियों से बैठक: RPG और वेलस्पन समूह MP में करेंगे करोड़ों का निवेश, मिलेगा रोजगार का अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई में देश के प्रमुख उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की।
MP Investment: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद’ कार्यक्रम में उद्योगपतियों से चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान आरपीजी समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका और वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग से निवेश पर चर्चा हुई। हर्ष गोयनका ने मध्यप्रदेश के जबलपुर, रतलाम, सागर और उज्जैन में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं संदीप गर्ग के साथ पाइप निर्माण, टेक्सटाइल और अधोसंरचना पर निवेश की बातें हुईं।
जबलपुर में ट्रांसमिशन क्षेत्र में निवेश की संभावना
बैठक के दौरान हर्ष गोयनका ने जबलपुर में निवेश कर विद्युत पारेषण क्षेत्र में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। चर्चा में मध्यप्रदेश की औद्योगिक अवसंरचना, भौगोलिक स्थिति, कुशल कार्यबल और राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों का लाभ लेकर नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
आरपीजी समूह ने मध्यप्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति और कच्चे माल की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए राज्य में टायर निर्माण इकाई स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके लिए रतलाम, सागर और जबलपुर संभावित निवेश स्थलों के रूप में चर्चा में आए। इन स्थानों पर उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं का आकलन करने के बाद आगे की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
उज्जैन में आईटी क्षेत्र में निवेश की संभावना
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। आरपीजी समूह की टीम ने संभावित निवेश स्थलों का दौरा कर आवश्यक सुविधाओं और व्यावसायिक संभावनाओं का आकलन करने की इच्छा व्यक्त की। इस क्रम में उज्जैन के आईटी बिल्ट-अप पार्क में उपलब्ध प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं के उपयोग की संभावना पर भी चर्चा हुई। इससे समूह को तैयार बुनियादी ढांचे के माध्यम से आईटी क्षेत्र में अपनी गतिविधियां शुरू करने का अवसर मिल सकता है।
बैठक में संभावित परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि, आवश्यक अनुमतियों, प्रोत्साहनों और एकल-खिड़की व्यवस्था के माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। प्राथमिकता वाले निवेश प्रस्तावों और संभावित स्थानों की पहचान कर आगे की प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
आरपीजी समूह का मध्यप्रदेश से पुराना जुड़ाव
आरपीजी समूह अवसंरचना, मोबिलिटी, टायर, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा समाधान और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित विविध क्षेत्रों में कार्यरत प्रमुख भारतीय औद्योगिक समूह है। इसके प्रमुख व्यवसायों में केईसी इंटरनेशनल, सिएट और जेनसार टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। समूह की वैश्विक उपस्थिति छह महाद्वीपों के 135 से अधिक देशों में है।
समूह का मध्यप्रदेश से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। वर्ष 1951 से आरपीजी ट्रांसमिशन लिमिटेड के माध्यम से समूह की राज्य में उपस्थिति रही है। इसकी प्रमुख कंपनी केईसी इंटरनेशनल ने नीमच अंतरराज्यीय पारेषण प्रणाली सहित मध्यप्रदेश की विद्युत पारेषण अवसंरचना के विकास में योगदान दिया है।
टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क में वेलस्पन समूह ने दिखाई रुचि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग से चर्चा की। बैठक में प्रदेश में पाइप निर्माण, टेक्निकल टेक्सटाइल और अधोसंरचना क्षेत्र में समूह की निवेश योजनाओं तथा नई परियोजनाओं में सहभागिता की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में वेलस्पन समूह ने मिल की भूमि पर टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने में निवेश की रुचि दिखाई। समूह ने प्रस्तावित पार्क में एंकर यूनिट स्थापित करने की इच्छा भी व्यक्त की। इस संबंध में वेलस्पन समूह स्थल का निरीक्षण करने के लिए अपनी टीम भेजेगा।
एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में ₹150 करोड़ के निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और संदीप गर्ग के बीच वेलस्पन कॉर्प द्वारा एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में ₹150 करोड़ के निवेश पर चर्चा हुई। प्रदेश में पाइप निर्माण क्षेत्र में समूह की गतिविधियों और निवेश योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सिंटेक्स के ₹700 करोड़ के प्रगतिरत निवेश पर संवाद
बैठक में सिंटेक्स के ₹700 करोड़ के प्रगतिरत निवेश पर भी चर्चा की गई। समूह की रायसेन और देवास में उपस्थिति के संदर्भ में पाइप निर्माण तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की गतिविधियों पर संवाद हुआ।
सड़क, राजमार्ग और जल प्रबंधन परियोजनाओं में सहभागिता
वेलस्पन समूह प्रदेश में सड़क एवं राजमार्ग निर्माण सहित अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं से भी जुड़ेगा। बैठक में वेलस्पन एंटरप्राइजेज द्वारा अधोसंरचना परियोजनाओं में निवेश और सहभागिता के विषयों पर चर्चा हुई। जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन की परियोजनाओं में समूह की भागीदारी की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
वेलस्पन समूह अधोसंरचना, पाइप निर्माण और टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत है। समूह की गतिविधियों में सड़क एवं राजमार्ग तथा जल और अपशिष्ट जल प्रबंधन परियोजनाओं का विकास एवं संचालन शामिल है। इसके विनिर्माण कारोबार में एमएस एवं पीवीसी पाइप, फिटिंग्स, वाटर टैंक तथा होम टेक्सटाइल्स शामिल हैं। समूह की मध्यप्रदेश में रायसेन और देवास में उपस्थिति है।
आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के साथ चर्चा
आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स ने गुना में भारत का पहला अति-उच्च शुद्धता वाला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस संयंत्र लगाने के लिए ₹1,260 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। परियोजना से अप्रैल 2029 से उत्पादन शुरू करने का प्रस्ताव है। कंपनी के अनुसार, इससे करीब ₹350 करोड़ के आयात प्रतिस्थापन और 320 से अधिक स्थानीय रोजगार के अवसर बन सकते हैं।
भिलोसा इंडस्ट्रीज करेगी ₹7,500 करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से देश की अग्रणी टेक्सटाइल कंपनी 'भिलोसा इंडस्ट्रीज' के प्रबंध निदेशक संदीप जैन ने उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान भिलोसा इंडस्ट्रीज ने पीएम मित्र पार्क (धार) को केंद्र में रखते हुए राज्य में चरणबद्ध रूप से कुल ₹7,500 करोड़ के बड़े निवेश और करीब 3,750 प्रत्यक्ष रोजगार सृजन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। परियोजना के लिए 300 एकड़ जमीन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शुरुआत में ₹2,500 करोड़ का निवेश किया जाएगा। कंपनी ने 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा है। यहां पॉलिएस्टर यार्न, फाइबर और फैब्रिक का उत्पादन होगा।
