Shivraj Singh Chouhan बने दादा: कुणाल-रिद्धि के घर बेटे का जन्म, ‘अहान’ नाम से गूंजी खुशियां
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान फिर दादा बने हैं। छोटे बेटे कुणाल और बहू रिद्धि के घर बेटे का जन्म हुआ है, जिसका नाम अहान रखा गया। शिवराज ने सोशल मीडिया पर खुशी जताई। जनवरी में बड़े बेटे कार्तिकेय के घर बेटी इला के जन्म के बाद परिवार में यह दूसरी बड़ी खुशी है।
Bhopal News: केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में एक बार फिर खुशियों का माहौल है। उनके छोटे बेटे कुणाल चौहान और बहू रिद्धि के घर बेटे ने जन्म लिया है। नवजात का नाम अहान रखा गया है। पोते के जन्म की खबर शिवराज ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की और परिवार के लिए इसे बेहद खास पल बताया।
अहान के आने से परिवार में बढ़ी रौनक
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अहान के घर आने से परिवार में खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ है। उन्होंने अपनी पत्नी साधना चौहान के साथ दोबारा दादा-दादी बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि नन्हे अहान की किलकारी से घर का माहौल आनंद और प्रेम से भर गया है। परिवार ने नवजात के आगमन को ईश्वर का आशीर्वाद बताया है।
इला को मिला छोटा भाई
अहान के जन्म के साथ परिवार में रिश्तों की तस्वीर भी बदल गई है। शिवराज के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और उनकी पत्नी अमानत अब अहान के बड़े पापा और बड़ी मम्मी बन गए हैं। वहीं, परिवार की नन्ही सदस्य इला को भी छोटा भाई मिल गया है। शिवराज ने इस खुशी के मौके पर अहान के नाना-नानी संदीप जैन और स्वाति जैन को भी बधाई दी।
जनवरी में पोती इला का हुआ था जन्म
बता दें, शिवराज सिंह चौहान इसी साल जनवरी में पहली बार दादा बने थे। उनके बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और अमानत के घर 21 जनवरी 2026 को बेटी का जन्म हुआ था। दिल्ली के एम्स में जन्मी बच्ची का नाम इला रखा गया। उस समय शिवराज ने खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था कि उनके घर ‘लाडली लक्ष्मी’ आई है। उन्होंने बताया था कि कार्तिकेय पिता और अमानत मां बनी हैं, जबकि वह खुद दादा और साधना दादी बनी हैं।
कुछ महीनों में परिवार में दो नई खुशियां
वही, इला के जन्म के कुछ ही महीनों बाद अब अहान के आने से शिवराज परिवार की खुशियां और बढ़ गई हैं। एक ओर जहां इला को छोटा भाई मिला है, वहीं शिवराज और साधना चौहान एक बार फिर दादा-दादी बने हैं। अहान के जन्म के बाद परिवार और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला जारी है।

