मध्यप्रदेश को लेकर मोहन सरकार का बड़ा प्लान, सहकारिता से युवाओं तक कई बड़ें फैसले; जानिए कैबिनेट बैठक में क्या-क्या हुआ तय?
मध्य प्रदेश कैबिनेट ने पैक्स और जिला सहकारी बैंक चुनाव एक साल टाल दिए हैं। नौ बैंकों को 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी मिलेगी। 2027 युवा वर्ष घोषित होगा। सरकार ने खनिज राजस्व 30 हजार करोड़ करने, 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने और एकात्म धाम परियोजना जारी रखने को मंजूरी दी।

Major Cabinet Decisions in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश सरकार ने सहकारिता, युवाओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीखों, खनिज राजस्व बढ़ाने, ग्रामीण बस्तियों तक बिजली पहुंचाने और ओंकारेश्वर की एकात्म धाम परियोजना को आगे बढ़ाने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने दी।
नौ जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ रुपये की मदद
कैबिनेट ने प्रदेश के नौ जिला सहकारी बैंकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए अंश पूंजी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की पूंजी मिलेगी। इस तरह इन बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा पैक्स समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। चूंकि पैक्स के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए दोनों चुनावों को एक साथ आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी सरकार
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित करने का फैसला किया है। इसके तहत युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर रहेगा। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी जानकारी दी गई। भोपाल के नाथू बरखेड़ा में विकसित हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का उद्घाटन हो चुका है। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
खनिज राजस्व 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश सरकार ने खनिज क्षेत्र से होने वाली कमाई में बड़ा इजाफा करने की योजना बनाई है। फिलहाल प्रदेश को खनिजों से सालाना करीब 12,170 करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में खनिज संसाधनों का नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। खनिज निगम पुराने रिकॉर्ड और उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण करने के साथ नई खदानों को विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशेगा। इस काम पर हर साल करीब 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ मंजूर
ग्रामीण इलाकों में बिजली सुविधा का विस्तार करने के लिए कैबिनेट ने 193 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी है। इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बसाहटों के करीब 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इस परियोजना का खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी। वहीं 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में बिजली पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार अपने स्तर पर संभालेगी।
ओंकारेश्वर की एकात्म धाम परियोजना को मिलेगी गति
धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ओंकारेश्वर में विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। करीब 2,424 करोड़ रुपये की इस परियोजना के प्रमुख कार्यों को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए देशी-विदेशी पर्यटकों को स्थानीय व्यंजनों, खान-पान की परंपराओं और जनजातीय संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा।
आदिवासी कला और उत्पादों को मिलेगी जीआई टैग की पहचान
प्रदेश की पारंपरिक कला और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए कुछ उत्पादों के जीआई टैग की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें भील जनजाति की माला, बोलनी और पिथोरा चित्रशैली के साथ झाबुआ की आदिवासी गुड़िया तथा गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्र शामिल हैं। इनके लिए जीआई टैग के आवेदन भेजे गए हैं।
दिसंबर में होंगे दो चिंतन शिविर
सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल की समीक्षा और अगले दो वर्षों की प्राथमिकताएं तय करने के लिए दिसंबर में दो बड़े चिंतन शिविर आयोजित करेगी। पहला शिविर 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होगा। इसमें आठ सत्रों के जरिए प्रदेश के विकास और वर्ष 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसमें अधिकारियों के साथ चर्चा के आधार पर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह शिविर भोपाल से बाहर आयोजित किया जाएगा।
7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र
मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान सरकार अनुपूरक बजट पेश करने के साथ विभिन्न शासकीय संकल्प भी सदन में रखेगी। कैबिनेट बैठक में अन्य विषयों पर भी जानकारी साझा की गई। सरकार के मुताबिक, स्वामित्व योजना के तहत अब तक 26 लाख रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। वहीं ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ा काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं।







