विजय के बाद अब तृषा की राजनीति में हो सकती है एंट्री! समर्थकों ने बनाया नया संगठन; पोस्टर में दिखा नया अंदाज
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में अभिनेत्री तृषा कृष्णन के नाम पर समर्थकों ने ‘यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम’ शुरू किया है। पोस्टर में तृषा हरी साड़ी में नजर आईं। इस पहल से उनके राजनीति में आने की चर्चा तेज है, हालांकि अभिनेत्री ने अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
Trisha's Political Entry Buzz: तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बाद अब अभिनेत्री तृषा कृष्णन का नाम भी राजनीतिक चर्चाओं में आने लगा है। तिरुनेलवेली में सोमवार, 23 नवंबर को उनके कथित समर्थकों ने ‘यंग रिवोल्यूशनरी लीडर त्रिशा फोरम’ नाम से एक संगठन शुरू किया। इसके साथ ही अभिनेत्री के राजनीति में उतरने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, तृषा ने अब तक राजनीति में आने या इस फोरम से जुड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
पोस्टर में हरी साड़ी और हाथ जोड़कर अभिवादन करती दिखीं तृषा
बता दें, फोरम के लॉन्च के दौरान सामने आए पोस्टर में तृषा कृष्णन हरी साड़ी पहने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करती नजर आ रही हैं। संगठन के प्रतीक चिह्न में भी हरे रंग को प्रमुखता दी गई है। तमिलनाडु की राजनीति में हरा रंग AIADMK से भी जुड़ा रहा है। इस वजह से पोस्टर के रंग और उसकी राजनीतिक पहचान को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, केवल रंग के आधार पर संगठन का किसी राजनीतिक दल से जुड़ाव तय नहीं किया जा सकता।
समर्थकों को तृषा के राजनीति में आने की उम्मीद
फोरम शुरू करने वाले समर्थकों का कहना है कि उन्होंने यह पहल इस उम्मीद के साथ की है कि तृषा कृष्णन भविष्य में राजनीति में सक्रिय होंगी और उनके अभियान से जुड़ेंगी। समर्थकों ने दावा किया कि उनका मकसद किसी पद या सत्ता की दौड़ में शामिल होना नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाना है।
विजय के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखीं अभिनेत्री
तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री विजय के एक ही कार्यक्रमों में नजर आने के कारण भी उनके नाम को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। हाल के दिनों में दोनों ब्रिटेन में अभिनेता अजित कुमार के रेसिंग इवेंट में दिखाई दिए थे। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के एक कार्यक्रम में तृषा पहली पंक्ति में बैठी नजर आई थीं। विजय के एक शादी समारोह के रिसेप्शन में भी अभिनेत्री की मौजूदगी चर्चा में रही।
फिलहाल, तृषा के नाम पर फोरम का गठन उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत नहीं माना जा सकता। अभिनेत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




.jpg&w=3840&q=75)