CM मोहन यादव ने किया 34वें भोपाल उत्सव मेले का शुभारंभ, बोले- मेले सामाजिक मेलजोल और सद्भाव बढ़ाने का माध्यम है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में 34वें भोपाल उत्सव मेले का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि मेले सामाजिक मेलजोल और सद्भाव बढ़ाने के साथ व्यापार को भी प्रोत्साहित करते हैं। 45 दिन चलने वाले आयोजन में नियाग्रा वॉटरफॉल थीम और झूले आकर्षण होंगे।
CM Mohan Inaugurates Bhopal Utsav Mela: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में 34वें भोपाल उत्सव मेले का शुभारंभ किया। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल उत्सव मेला शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। करीब 45 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में मनोरंजन, खरीदारी और खानपान के साथ सामाजिक मेलजोल की भी झलक देखने को मिलेगी। शुभारंभ समारोह से पहले मुख्यमंत्री मेले परिसर में बने भगवान श्रीगणेश के मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच हस्तियों को सम्मानित भी किया।
CM बोले- मेले समाज को जोड़ने का काम करते हैं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भोपाल उत्सव मेले की शुरुआत वर्षों पहले रमेश अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल और सुधीर अग्रवाल ने की थी। तब से यह आयोजन लगातार आगे बढ़ रहा है और अब भोपाल की पहचान का हिस्सा बन गया है। मेले सिर्फ मनोरंजन और खरीदारी तक सीमित नहीं होते। यहां अलग-अलग वर्गों और समुदायों के लोग एक साथ आते हैं। इससे आपसी मेलजोल बढ़ता है और सामाजिक प्रेम व सद्भाव को मजबूती मिलती है। ऐसे आयोजन व्यापार और व्यवसाय को भी आगे बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इतने वर्षों से इस परंपरा को बनाए रखना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आयोजकों और शहरवासियों को मेले के आयोजन की बधाई दी।
नियाग्रा वॉटरफॉल थीम और रोमांचक झूले होंगे खास आकर्षण
34वें वर्ष में मेले को खास बनाने के लिए परिसर में कई आकर्षण तैयार किए गए हैं। मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि इस बार नियाग्रा वॉटरफॉल थीम पर विशेष सजावट की गई है। इसके अलावा युवाओं और रोमांच पसंद करने वालों के लिए आकर्षक झूले लगाए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए भी अलग-अलग राइड्स की व्यवस्था की गई है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही हस्तशिल्प, परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य उत्पादों की दुकानें भी सजाई गई हैं। इससे लोगों को एक ही परिसर में मनोरंजन, खानपान और खरीदारी का मौका मिलेगा।
CM की मौजूदगी में पांच विशिष्ट नागरिक सम्मानित
बता दें, उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक भगवानदास सबनानी ने पांच प्रतिष्ठित नागरिकों को सम्मानित किया। इनमें सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, बैरागढ़ के अध्यक्ष हीरो ज्ञानचंदानी, श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल के अध्यक्ष पंकज जैन सुपारी, बैरागढ़ व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष कन्हैयालाल इसरानी, समग्र अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील गर्ग और रोटरी क्लब भोपाल हिल्स के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल कुमार गुप्ता शामिल रहे।
जनप्रतिनिधियों और शहर की प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
वहीं, कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पार्षद आरती अनेजा और ऊषा खरे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल, अशोक गुप्ता, सुनील जैनाविन, अजय सोगानी और अनुपम अग्रवाल समेत समिति के अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा शहर के कई सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।








