MP में 280 नए रूट पर दौड़ेंगी बसें, अब 5 राज्यों के लिए भी सफर होगा आसान; जानिए किन शहरों को मिलेगा फायदा
हाईकोर्ट से रोक हटने के बाद MP में 280 नए बस रूट और पांच पड़ोसी राज्यों के लिए परमिट जारी करने का रास्ता साफ हो गया है।

मध्य प्रदेश में बस परिवहन व्यवस्था को लेकर बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) के पुनर्गठन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। इसके साथ ही प्राधिकरण के कामकाज पर लगी अंतरिम रोक हट गई है। अब प्रदेश में नए बस परमिट जारी करने, पुराने परमिट रिन्यू करने और नए मार्ग तय करने का काम फिर शुरू हो सकेगा। इससे उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के लिए अंतर्राज्यीय बस सेवाओं का रास्ता भी साफ हो गया है।
हाईकोर्ट ने सरकार की अधिसूचना को माना वैध
न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने हरिशंकर सिंह पटेल एवं अन्य बनाम मध्य प्रदेश शासन मामले में फैसला सुनाया। कोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से 10 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना को वैध और कानून के अनुरूप माना। इसके साथ ही प्राधिकरण के पुनर्गठन को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी गई।
पहले लगी रोक से अटके थे परमिट के काम
इस मामले में हाईकोर्ट ने 16 जून और 20 अगस्त 2026 को अंतरिम रोक लगाई थी। इसके कारण राज्य परिवहन प्राधिकरण की कई गतिविधियां रुक गई थीं। अब कोर्ट के नए आदेश के बाद पुराने स्थगन आदेश निष्प्रभावी हो गए हैं। प्राधिकरण फिर से परमिट जारी करने और उनके नवीनीकरण सहित दूसरे वैधानिक काम कर सकेगा।
पांच राज्यों के लिए भी जारी हो सकेंगे परमिट
प्राधिकरण पर रोक के चलते उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के लिए अंतर्राज्यीय बस परमिट जारी करने और पुराने परमिट रिन्यू करने का काम प्रभावित था। अब पारस्परिक परिवहन समझौतों के तहत इन राज्यों के निर्धारित मार्गों पर परमिट जारी किए जा सकेंगे। इसके अलावा स्थायी और अस्थायी परमिट, काउंटर सिग्नेचर, मार्ग विस्तार और नए वाहनों को पुराने परमिट से जोड़ने जैसे काम भी शुरू हो सकेंगे।
सात परिवहन क्षेत्रों में 280 नए रूट की तैयारी
'मध्य प्रदेश सुगम परिवहन सेवा' के तहत भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और रीवा के परिवहन क्षेत्रों में 280 अंतर्क्षेत्रीय मार्ग निर्धारित किए जाने हैं। इन मार्गों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद 'एमपी यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड' के जरिए बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित मार्गों में उज्जैन क्षेत्र के उज्जैन-जबलपुर, भोपाल क्षेत्र के भोपाल-चित्रकूट, इंदौर क्षेत्र के इंदौर-ग्वालियर, जबलपुर क्षेत्र के जबलपुर-खजुराहो, सागर क्षेत्र के सागर-सतना और रीवा क्षेत्र के रीवा-बालाघाट जैसे रूट शामिल हैं।









