'कांग्रेस ने बाबा साहब को हराने के लिए ताकत झोंक दी थी', आकाश आनंद PDA पर भड़के; अखिलेश यादव को गिरगिट बताया
आकाश आनंद ने कहा कि यही कांग्रेस थी, जब बाबा साहब को नेहरू जी के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। यहीं कांग्रेस थी, जिसने अपने राज में बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया।
UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने शुक्रवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। अयोध्या में रैली को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि कांग्रेस और सपा खुद को भाजपा का विकल्प बताते हैं, लेकिन दोनों ही पार्टियों ने दलितों का अपमान किया है। पीडीए की किताब दिखाकर 2024 में जनता से वोट तो ले लिया, लेकिन 2 सालों बाद भी पीडीए की किताब खाली है।
'कांग्रेस ने अपने राज में बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया'
आकाश आनंद ने कहा, 'भाजपा ने विज्ञापन पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए। अयोध्या ने 2024 में पूरे देश को बता दिया यहां का वोट विज्ञापन देखकर नहीं हिसाब देखकर देता है। वहीं सपा और कांग्रेस को लगा कि वे भाजपा का विकल्प हो सकते हैं। इन दोनों ने संविधान की किताब दिखाई और पीडीए की कहानी सुनाई। वोट ले लिया 2 साल हो गए और किताब खाली है। कांग्रेस के राहुल गांधी बाबा साहब आंबेडकर का नाम लेते हैं। यही कांग्रेस थी, जिसने बाबा साहब को चुनाव में हराने के लिए ताकत झोंक दिया था। उन्हें कभी भी जीतकर संसद नहीं जाने दिया। यही कांग्रेस थी, जब बाबा साहब को नेहरू जी के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। यहीं कांग्रेस थी, जिसने अपने राज में बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया। साल 1990 में वीपी सिंह की सरकार में बाबा साहब को भारत रत्न दिया गया। ये तब हुआ, जब केंद्र में कांग्रेस नहीं था। वो सम्मान यूं ही नहीं मिला। उसके पीछे कांशीराम और बहन मायावती के आंदोलन का दबाव था। इसके बाद भाजपा ने वीपी सिंह की सरकार को समर्थन वापस लेकर सरकार गिरा दी।
'कांग्रेस की हमदर्दी मौसम की तरह है'
आकाश आनंद ने आगे कहा, 'आजादी के बाद दशकों तक केंद्र और राज्यों में कांग्रेस की सरकार रही है। एससी, एसटी, ओबीसी और मुस्लिम समाज ने पीढ़ी दर पीढ़ी इन्हें वोट डाला है। लेकिन इन्होंने पिछडे़ समाज के लिए क्या किया। वो तब की कांग्रेस और ये राहुल गांधी की कांग्रेस नहीं बदली है। कहते हैं कि खून थोड़े ही बदलता है। पेपरलीक को लेकर जेनजी ने दिल्ली में प्रदर्शन किया तो ये फोटो खिंचवाने के लिए साथ आ गए। लेकिन इनकी किस्मत खराब निकली, पेपरलीक का दर्द लेकर वही नौजवान रांची की सड़कों पर निकल गए और झारखंड में सरकार में ये लोग खुद बैठे हैं और वहां इन्होंने क्या किया। छात्रों पर लाठी बरसाई। दिल्ली में छात्रों के हमदर्द बने और रांची में लाठी बरसाई। इनकी हमदर्दी मौसम की तरह है, राज्य देखकर बदल जाती है। भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सिक्का उछालिए, कुछ भी आए हारता हमेशा दबा कुचला ही है।
'अखिलेश यादव गिरगिट की तरह रंग बदल देते हैं'
आकाश आनंद ने अखिलेश यादव पर भी जमकर हमला बोला। आकाश आनंद ने कहा, 'अब सपा की बात करते हैं। कांग्रेस और सपा चिल्ला-चिल्लाकर बोलते हैं कि बसपा भाजपा की बी टीम है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पूरा सम्मान करता हूं। लेकिन मुझे आज तक ये समझ नहीं आया कि वे करना क्या चाहते हैं। मुझे शक है, लेकिन शायद उन्हें भी नहीं पता कि वे करना क्या चाहते हैं। कल तक पीडीए का 'पी' पिछड़ा था, जैसे ही ब्राह्मण समाज बीएसपी से जुड़ने लगा, तो रातोंरात 'पी' पंडित हो गया। बहन जी ने ठीक कहा है कि गिरगिट की तरह रंग बदल देते हैं। मुझे तो लगता है कि चुनाव आते-आते 'पी' का मतलब पता नहीं हो जाएगा। बेचारे 'डी' और 'ए' घबराए बैठे हैं कि कहीं हमारा नंबर भी ना लगा जाए, और बेचारे 'डी' का नंबर लग ही गया। इन लोगों ने आगरा में दलित महासम्मेलन किया। एक दिन के लिए पूरी समाजवादी पार्टी अंबेडकरवादी बन गई। लेकिन गिरगिट में एक दिक्कत होती है, वो रंग तो बदल लेता है, लेकिन आदत नहीं बदल पाता है अपनी। उसी मंच पर, उसी सभा में रामगोपाल यादव सामने बैठी भीड़ पर बरस पड़े। जिन्हें सम्मान देने केलिए बुलाया था, उन्हें ही गुस्से में मूर्ख बोल दिया। सम्मान देने के लिए बुलाया था और अपमान कर दिया।
'हाथी का बटन दबाकर बहन जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाइएगा'
आकाश आनंद ने कहा, 'अगर मेरी बात पर हंसी आए तो हंस लीजिएगा। अगर गुस्सा आए तो हाथी के बटन को दबाकर पांचवीं बार बहन जी को मुख्यमंत्री बनाइएगा। एक कहानी और एक वादा इस देश में एक वक्त ऐसा भी था, जब हमारे मसाज का मंच पर खड़ा होना तो दूर तो मंच पर खड़ा होना भी किसी को मंजूर नहीं था। फिर बाबा साहब की किताब आई। उस किताब के भरोसे एक डाक कर्मचारी की बेटी ने सपना देखा। स्कूल में बच्चों को पढ़ाया। कांशीराम के मार्गदर्शन और त्याग, तपस्या और कड़े संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ी और वही बेटी सबसे बड़े प्रदेश की मुखिया बनी। आप लोग उन्हें प्यार से बहन जी कहते हैं।'

.jpg&w=3840&q=75)
