'बांग्लादेश की सेना शेख हसीना को भारत से लेकर जाए', पूर्व प्रधानमंत्री की वापसी के लिए भारत ने रखी शर्तें
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारत में करीब दो साल से रह रहीं हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है।
Sheikh Hasina Bangladesh Return Condition: पूर्व प्रधानमंत्री ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने शेख हसीना की बांग्लादेश में वापसी के लिए दो शर्तें रखी हैं। भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना उन्हें वापस ले जाए और वहां निष्पक्ष सुनवाई की गारंटी दी जाए। हालांकि, दोनों देशों की ओर से इन शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारत में करीब दो साल से रह रहीं हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। हालांकि, उनकी वापसी इतनी आसान नहीं दिख रही।
'बांग्लादेश की सेना खुद शेख हसीना को वापस लेने आए'
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सेना खुद शेख हसीना को वापस ले जाए। इसके लिए बांग्लादेश सरकार दिल्ली में अपना सैन्य विमान भेज सकती है। दूसरा विकल्प यह है कि बांग्लादेश की सेना भारत-बांग्लादेश सीमा पर किसी तय जगह पहुंचकर उन्हें अपने साथ ले जाए। भारत इस पूरी प्रक्रिया के लिए जरूरी इंतजाम करने को तैयार बताया जा रहा है।
दरअसल, 5 अगस्त 2024 को जब बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन के बाद हसीना की सरकार गिर गई थी, तब वह बांग्लादेश की सेना के विमान से भारत पहुंची थीं। अब भारत चाहता है कि उनकी वापसी में भी बांग्लादेश की सेना की सीधी भूमिका रहे।
दूसरी शर्त- निष्पक्ष सुनवाई और अपील का मौका मिले
भारत की दूसरी शर्त शेख हसीना के खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों से जुड़ी है। बांग्लादेश की एक अदालत उन्हें अनुपस्थिति में मौत की सजा सुना चुकी है। यह फैसला जुलाई 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े आरोपों के मामले में आया था।
BBC बांग्ला के मुताबिक, भारत चाहता है कि हसीना को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का पूरा मौका मिले। साथ ही, जुलाई 2024 की हिंसा से जुड़े आरोपों पर नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई हो। भारत यह भी चाहता है कि पूरी कानूनी प्रक्रिया पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और वैश्विक मीडिया की नजर रहे।
पासपोर्ट के लिए भी किया आवेदन
हसीना ने 9 नवंबर को बांग्लादेश के दिल्ली स्थित हाई कमीशन में नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) के लिए आवेदन किया था। भारत आने के बाद बांग्लादेश सरकार से उनका यह पहला ज्ञात औपचारिक संपर्क था। हालांकि, ढाका ने इस आवेदन को स्वीकार करने के बजाय उनके प्रत्यर्पण की मांग दोहराई है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि उन्हें दोनों देशों के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाया जाना चाहिए।
भारत ने रिपोर्ट पर क्या कहा?
13 नवंबर को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से हसीना की वापसी को लेकर सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि क्या भारत ने बांग्लादेश से सैन्य विमान भेजने और निष्पक्ष सुनवाई की गारंटी मांगी है। इस पर उन्होंने रिपोर्ट में बताए गए दावों पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की। भारत ने प्रत्यर्पण के मामले को कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा विषय बताया है। BBC की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय अधिकारी दिसंबर में हसीना की वापसी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। उनका मानना है कि बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में उनकी वापसी से नई मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
फिलहाल, भारत की बताई गई दोनों शर्तों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि दिसंबर में शेख हसीना की वापसी का रास्ता निकलता है या यह मामला दोनों देशों के बीच कूटनीतिक खींचतान में उलझा रहता है।

-2.jpg&w=3840&q=75)

-2.jpg&w=3840&q=75)