MP में आज से सांची का दूध 4 रुपए तक महंगा, जानिए अब कितने में मिलेगा 1 लीटर पैकेट
मध्य प्रदेश में सांची दूध की नई कीमतें लागू हो गई हैं। फुल क्रीम दूध का एक लीटर पैकेट अब 74 रुपए में मिलेगा।

मध्य प्रदेश में सांची दूध के दाम बढ़ गए हैं। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। अलग-अलग वैरायटी के दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं। अब एक लीटर फुल क्रीम दूध के लिए 70 रुपए की जगह 74 रुपए चुकाने होंगे। अमूल और मदर डेयरी के बाद सांची ने भी कीमतें बढ़ाई हैं। इससे आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है।
फुल क्रीम दूध 4 रुपए महंगा हुआ
सांची के नए रेट के मुताबिक, आधा लीटर फुल क्रीम दूध का पैकेट 35 से बढ़कर 37 रुपए हो गया है। वहीं, एक लीटर का पैकेट 70 से बढ़कर 74 रुपए में मिलेगा। 6 लीटर का पैक भी 420 से बढ़कर 444 रुपए का हो गया है।
दूध की नई कीमतें एक नजर में
- फुल क्रीम 500 ML: 35 से बढ़कर 37 रुपए
- फुल क्रीम 1 लीटर: 70 से बढ़कर 74 रुपए
- फुल क्रीम 6 लीटर: 420 से बढ़कर 444 रुपए
- स्टैंडर्ड दूध 500 ML: 32 से बढ़कर 34 रुपए
- टोंड दूध 500 ML: 29 से बढ़कर 30 रुपए
- डबल टोंड दूध: 27 से बढ़कर 28 रुपए
- चाय दूध 1 लीटर: 62 से बढ़कर 65 रुपए
- चाय दूध 6 लीटर: 390 रुपए
सांची DTM के 180 ML पैकेट की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें अगले आदेश तक लागू रहेंगी।
पैकेजिंग और परिवहन महंगा होने से बढ़े दाम
सांची दुग्ध उत्पादक संघ ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र में दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया है। बताया गया है कि पैकेजिंग और परिवहन की लागत बढ़ने के कारण यह कदम उठाया गया है।
दुकानदारों और ग्राहकों पर पड़ेगा असर
दुकानदारों का कहना है कि दूध के दाम में अचानक बढ़ोतरी से ग्राहकों के बजट पर असर पड़ेगा। वहीं, ग्राहकों का कहना है कि दूध रोजमर्रा की जरूरत है, इसलिए कीमत बढ़ने से हर महीने का खर्च बढ़ जाएगा। दूध महंगा होने का असर इससे बनने वाले दूसरे उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।





-1.jpg&w=3840&q=75)

