इंदौर में विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का आज से आगाज, पंकज आडवानी समेत 30 से ज्यादा इंटरनेशनल खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
इस चैंपियनशिप का सबसे बड़ा आकर्षण भारत की 22 सदस्यीय टीम होगी। इसमें तीन बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और मौजूदा महिला विश्व चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन शामिल हैं।
MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के नक्शे पर अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। शहर में पहली बार IBSF विश्व स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का आयोजन होने जा रहा है। 12 से 21 नवंबर तक यशवंत क्लब में होने वाली इस प्रतियोगिता में दुनिया के 30 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। दस दिन तक चलने वाले इस आयोजन में पुरुष और महिला वर्ग के विश्व खिताब के लिए मुकाबले होंगे।
इस चैंपियनशिप का सबसे बड़ा आकर्षण भारत की 22 सदस्यीय टीम होगी। इसमें तीन बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और मौजूदा महिला विश्व चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन शामिल हैं। भारतीय टीम में 15 पुरुष और 7 महिला खिलाड़ी हैं। टीम की घोषणा बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (BSFI) ने की है।
आज खिलाड़ियों और रेफरियों की बैठक
अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (IBSF) के कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को शाम 7 बजे यशवंत क्लब में खिलाड़ियों और रेफरियों की बैठक होगी। इसके बाद 13 नवंबर से पुरुष वर्ग के क्वालिफाइंग मुकाबले शुरू होंगे। इन मुकाबलों के जरिए खिलाड़ी मुख्य प्रतियोगिता में जगह बनाएंगे।
पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। क्वालिफाइंग राउंड से 16 खिलाड़ी मुख्य मुकाबले में पहुंचेंगे, जबकि 32 खिलाड़ियों को पहले ही सीधे प्रवेश दिया गया है। पुरुषों के मुख्य मुकाबले और महिला वर्ग की प्रतियोगिता 17 नवंबर से शुरू होगी। दोनों वर्गों के फाइनल 21 नवंबर को खेले जाएंगे।
कई बड़े भारतीय खिलाड़ी मैदान में दिखेंगे
भारतीय टीम में पंकज आडवाणी के अलावा आदित्य मेहता, सौरव कोठारी, मनन चंद्रा, कमल चावला, लक्ष्मण रावत और ब्रिजेश दामानी जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। महिला टीम में अनुपमा रामचंद्रन के साथ अमी कामानी, कीर्तना पांडियन और ईशिका शाह भी चुनौती पेश करेंगी। टीम के कोच अशोक शांडिल्य हैं।
इंदौर के लिए बड़ा खेल आयोजन
BSFI के शताब्दी वर्ष में आयोजित होने वाली यह तीसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। इससे पहले पुणे में हेबॉल विश्व चैंपियनशिप और अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप आयोजित की जा चुकी हैं।
इंदौर में इस आयोजन से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों की आवाजाही बढ़ेगी। साथ ही शहर के स्थानीय खिलाड़ियों को भी दुनिया के दिग्गज स्नूकर खिलाड़ियों का खेल करीब से देखने और उनसे सीखने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से मध्य प्रदेश में क्यू स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

-1.jpg&w=3840&q=75)




.jpg&w=3840&q=75)