अयोध्या में रामलला विराजे, अब मथुरा में मुस्कुराएंगे गोपाल कृष्ण’, CM मोहन यादव के बयान से फिर चर्चा तेज
वाराणसी में सीएम मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में रामलला के बाद जल्द मथुरा में गोपाल कृष्ण विराजमान होंगे। उन्होंने गौ-संरक्षण और धार्मिक पर्यटन पर भी बात की।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम अयोध्या में पूरे वैभव के साथ विराजमान हुए हैं, उसी तरह जल्द ही भगवान गोपाल कृष्ण भी मथुरा में विराजमान होंगे। वे मंगलवार को वाराणसी में आयोजित अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, कृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने और गौ-संरक्षण के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
10 हजार गायों की क्षमता वाली गौशालाएं बनेंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पहले जहां कांजी हाउस होते थे, उनकी जगह अब 10 हजार गायों की देखभाल करने की क्षमता वाली हाईटेक गौशालाएं शुरू की जा रही हैं। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी कार्ययोजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही गौपालन को बढ़ावा देने के लिए पशुपालकों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
भगवान कृष्ण ने सत्ता नहीं, धर्म का रास्ता चुना
मोहन यादव ने भगवान श्रीकृष्ण को लोकतंत्र का नायक बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी सत्ता हासिल करने का प्रयास नहीं किया। उनका पूरा जीवन धर्म, सत्य और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है। भगवान कृष्ण ने सत्य की लड़ाई लड़कर विजय प्राप्त की और लोगों को हर परिस्थिति में साहस के साथ मुस्कराते हुए जीवन जीने का संदेश दिया।
गोवर्धन पर्वत उठाकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
मुख्यमंत्री ने वाराणसी के गोवर्धन नाथ मंदिर में दर्शन किए। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का पांच हजार साल पुराना इतिहास आज भी लोगों को धर्म और सच्चाई की राह दिखाता है। गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने इंद्र देव के अभिमान को समाप्त किया और दुनिया को प्रकृति से प्रेम करने का संदेश दिया। कर्म आधारित जीवन पद्धति में भगवान कृष्ण सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
काशी के विकास कार्यों की सराहना की
मुख्यमंत्री ने काशी के गंगा घाटों और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विदेशों के राष्ट्राध्यक्षों को भगवद्गीता भेंट कर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का संदेश दे रहे हैं। मोहन यादव ने नमो घाट पर आयोजित गोवर्धन पूजा उत्सव में हिस्सा लिया और विभिन्न जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से मुलाकात की। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डीपी यादव, उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल और दयाशंकर यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


.jpg&w=3840&q=75)


