MP में आरक्षक की भर्ती के लिए इंजीनियरों की भरमार, PhD होल्डर भी बनना चाहते हैं कांस्टेबल
पिछले साल की भर्ती में करीब 9.76 लाख आवेदन आए थे। इस बार आवेदन संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन प्रतिस्पर्धा अब भी काफी ज्यादा है।
MP News: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने की होड़ का अंदाजा पुलिस आरक्षक भर्ती के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। प्रदेश में आरक्षक के 7,500 पदों के लिए करीब 7 लाख 54 हजार 500 आवेदन मिले हैं। इनमें 9,933 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्होंने इंजीनियरिंग यानी बीई की डिग्री हासिल की है। इतना ही नहीं, 28 पीएचडी धारकों ने भी आरक्षक बनने के लिए आवेदन किया है। यानी जिस पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है, उसके लिए उच्च शिक्षा प्राप्त युवा भी मैदान में हैं।
हर पद के लिए 100 से ज्यादा उम्मीदवार
कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए थे। कुल आवेदनों के हिसाब से हर पद के लिए औसतन 100 से ज्यादा उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। अभ्यर्थियों में आठवीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी तक की पढ़ाई करने वाले लोग शामिल हैं। पिछले साल की भर्ती में करीब 9.76 लाख आवेदन आए थे। इस बार आवेदन संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन प्रतिस्पर्धा अब भी काफी ज्यादा है।
गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग
भर्ती की एक अहम शर्त यह है कि चयनित उम्मीदवारों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुननी होगी। जिस यूनिट में नियुक्ति मिलेगी, वहां कम से कम पांच साल तक सेवा देना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही दूसरी यूनिट में तबादले का विकल्प मिलेगा।
आरक्षक सामान्य ड्यूटी और विशेष सशस्त्र बल के पदों के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। चयनित उम्मीदवारों की तैनाती शासकीय रेल पुलिस की भोपाल, इंदौर और जबलपुर इकाइयों में भी हो सकती है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 10वीं पास होना जरूरी है, जबकि अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को आठवीं पास होने पर भी आवेदन की पात्रता दी गई है। नियुक्ति के बाद तीन साल की परिवीक्षा अवधि और निर्धारित ट्रेनिंग पूरी करनी होगी।
SI के 507 पदों पर परीक्षा जारी
दूसरी ओर, प्रदेश में सूबेदार और सब इंस्पेक्टर के 507 पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा 28 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इनमें जिला पुलिस बल के एसआई के 312, सूबेदार के 81 और विशेष सशस्त्र बल के एसआई के 69 पद शामिल हैं। शेष 45 पद आर्म्स, फोटो, क्वेश्चंड डॉक्यूमेंट और फिंगरप्रिंट जैसी तकनीकी शाखाओं के लिए हैं।
इन पदों के लिए वेतनमान 36,200 से 1,14,800 रुपये तय किया गया है। एसआई विशेष सशस्त्र बल के पद पर केवल पुरुष उम्मीदवार ही पात्र हैं। वहीं, अन्य पदों पर नियमों के अनुसार महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षण का प्रावधान है।
