ओरछा में CM मोहन यादव का अलग अंदाज, रामराजा के दरबार में बजाई झांझर, जमीन पर बैठकर भजन सुना
मुख्यमंत्री ने बुंदेली लोकगीतों की धुन सुनकर उन्होंने कलाकारों के साथ झांझर बजाई। मौनिया नृत्य करने वाले कलाकारों से भी उनके प्रदर्शन और परंपरा के बारे में बातचीत की।
MP News: छोटी दिवाली के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचे। यहां उनका अलग अंदाज देखने को मिला। मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ उन्होंने बुंदेली संस्कृति का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के साथ झांझर बजाई, मौनिया नृत्य दल से बातचीत की और जमीन पर बैठकर भजन सुने। इसके बाद वे बाजार पहुंचे और दुकानदारों के बीच बैठकर उनका हालचाल जाना। एक मिठाई की दुकान पर उन्होंने कलाकंद का स्वाद लिया और कुल्हड़ में चाय भी पी।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले श्रीरामराजा सरकार मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। बुंदेली लोकगीतों की धुन सुनकर उन्होंने कलाकारों के साथ झांझर बजाई। मौनिया नृत्य करने वाले कलाकारों से भी उनके प्रदर्शन और परंपरा के बारे में बातचीत की।
दुकानदारों से पूछा कारोबार का हाल
मंदिर परिसर से निकलने के बाद मुख्यमंत्री बाजार में पहुंचे। यहां वे मनिहारी की दुकान चलाने वाले बल्लन जोगी से मिले। उन्होंने दुकानदार से कारोबार और परिवार के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मिठाई की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने कलाकंद खाया और चाय पी।
इस दौरान मुख्यमंत्री की मुलाकात नेहा नाम की बच्ची से भी हुई। उन्होंने उससे पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्ची ने अपनी शिक्षा और कलेक्टर जमुना भिड़े की ओर से मिल रही मदद के बारे में बताया। एक दुकानदार ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी आर्थिक परेशानी भी रखी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र दंपतियों को मिलने वाली 2 लाख रुपये की सहायता का भी जिक्र किया। प्रदेश में इस योजना के तहत पात्र जोड़ों को संयुक्त बैंक खाते में सहायता देने का प्रावधान है।
रामराजा लोक का काम समय पर पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने लाला हरदौल बैठका में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने ओरछा के पुरातत्व उद्यान का निरीक्षण किया और रामराजा लोक के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण का काम तय समय में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य धाम बनकर तैयार हुआ है। उज्जैन में महाकाल लोक के विकास के बाद मध्य प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को लेकर नया माहौल बना है। इसी तरह ओरछा को भी धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
ओरछा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से रोजगार बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार का प्रयास है कि रामराजा लोक के निर्माण से ओरछा में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़े। इससे बुंदेलखंड के स्थानीय कारोबार, रोजगार और पर्यटन को भी फायदा मिलेगा। इससे पहले भी मुख्यमंत्री रामराजा लोक के निर्माण और ओरछा की ऐतिहासिक विरासत को बेहतर बनाने के कामों की समीक्षा कर चुके हैं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री नारायण कुशवाहा, सांसद महेश केवट, विधायक अनिल जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, कलेक्टर जमुना भिड़े और पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
