हनुमान अंश OTT रिलीज: फिल्म के राइट्स पर अनबन के बीच रिलीज डेट आई सामने, घर बैठे यहां देख सकेंगे फिल्म
नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी ‘हनुमान अंश’ 27 नवंबर को SonyLIV पर रिलीज होगी। फिल्म के राइट्स और प्रमोशन को लेकर भी विवाद सामने आया है।
संत नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित भक्ति ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म को लेकर दर्शकों के लिए रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। हालांकि, फिल्म के राइट्स, पब्लिसिटी और प्रमोशन को लेकर मेकर्स के बीच कथित अनबन की खबरें भी सामने आई हैं। इन विवादों के बीच फिल्म का डिजिटल प्रीमियर तय हो गया है।
27 नवंबर को SonyLIV पर होगी रिलीज
ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया है। इसके साथ बताया गया कि ‘हनुमान अंश’ 27 नवंबर को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। इससे पहले भी प्लेटफॉर्म ने फिल्म का पोस्टर जारी कर रिलीज डेट की जानकारी दी थी। फिल्म को लेकर प्लेटफॉर्म ने इसे विश्वास, भक्ति और चमत्कारों से जुड़ी कहानी बताया है।
फिल्म के राइट्स और प्रमोशन पर क्या है विवाद?
फिल्म की टीम में राइट्स और पब्लिसिटी अरेंजमेंट को लेकर कथित मतभेद सामने आए हैं। स्वंभू मीडिया नेटवर्क की ओर से जारी बयान में नम्रता और विशाल ने खुद को फिल्म का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बताया था। उन्होंने कहा कि फिल्म के पब्लिक रिलेशन, मार्केटिंग, अवॉर्ड और पार्टनरशिप से जुड़े कामों के लिए वे अधिकृत प्रतिनिधि हैं।
बयान में यह भी कहा गया कि कोई भी व्यक्ति फिल्म को रिप्रेजेंट करने या उसके राइट्स से जुड़े फैसले स्वतंत्र रूप से लेने का दावा नहीं कर सकता। फिल्म के कलाकारों और क्रू मेंबर्स को भी इंटरव्यू, पॉडकास्ट या प्रमोशनल इवेंट में शामिल होने से पहले आधिकारिक कम्युनिकेशन चैनल से पुष्टि लेने की बात कही गई।
चारों प्रोड्यूसर की मंजूरी जरूरी
बयान के डिस्क्लेमर में फिल्म के चार प्रोड्यूसर नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नागर के नाम बताए गए हैं। इसमें कहा गया कि फिल्म के राइट्स संयुक्त रूप से रखे गए हैं। पब्लिसिटी, अवॉर्ड, पार्टनरशिप और भारत के साथ विदेशों में राइट्स से जुड़े फैसलों के लिए प्रोडक्शन एग्रीमेंट के तहत चारों प्रोड्यूसर की मंजूरी जरूरी है।
नीम करोली बाबा बनने तक का सफर दिखाएगी फिल्म
‘हनुमान अंश’ की कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक छोटे लड़के के जीवन से शुरू होती है। मां के निधन के बाद वह भगवान, जिंदगी और मौत से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकल पड़ता है। उसका यह सफर उसे उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाता है। इसी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान वह आगे चलकर नीम करोली बाबा बनता है। फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी नजर आएंगे।





