'नई नवेली' का 'फटा पटाखा' रिलीज, जॉम्बीज के बीच यामी गौतम का दिखा अलग अंदाज
यामी गौतम धर की फिल्म 'नई नवेली' का दूसरा गाना 'फटा पटाखा' रिलीज हो गया है। गाने में यामी जॉम्बीज के बीच डांस करती नजर आ रही हैं। ट्रैक को लेकर दर्शकों की अलग-अलग राय सामने आई है। फिल्म बालाजी मोहन ने डायरेक्ट की है और यह 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'Fata Patakha' Released: यामी गौतम धर की मच-अवेटेड फिल्म 'नई नवेली' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म का दूसरा गाना 'फटा पटाखा' रिलीज कर दिया गया है। इस एनर्जेटिक ट्रैक में यामी गौतम जॉम्बीज के बीच जबरदस्त डांस करती नजर आ रही हैं। गाने को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
जॉम्बीज के बीच यामी का धमाकेदार डांस
बता दें, 'फटा पटाखा' गाने में यामी गौतम धर का अंदाज पहले से काफी अलग नजर आ रहा है। रंग-बिरंगे सेटअप, जॉम्बी कैरेक्टर्स और तेज-तर्रार डांस मूव्स के बीच एक्ट्रेस का किरदार फिल्म की फैंटेसी दुनिया की झलक देता है। गाने में मस्ती और कॉमेडी के साथ रहस्य का तड़का भी देखने को मिलता है।
कुछ दर्शकों को यामी का यह नया अवतार पसंद आया है और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ हो रही है। वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने गाने के विजुअल्स को कार्टून जैसा बताया है। कुछ लोगों को यह भी लगा कि फिल्म के पहले रिलीज हुए गाने 'भाभी तबाही' और 'फटा पटाखा' के कॉन्सेप्ट में ज्यादा अंतर नहीं है।
फिल्म में पहली बार अलग भूमिका में दिखेंगी यामी
मेकर्स के अनुसार, 'नई नवेली' को यामी गौतम के करियर की अलग तरह की फिल्मों में गिना जा रहा है। एक्ट्रेस इस बार ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जिसे उन्होंने अपने पिछले प्रोजेक्ट्स में नहीं निभाया है। फिल्म को इंडियन फैंटेसी और फैमिली एंटरटेनमेंट के मेल के तौर पर तैयार किया गया है।
बालाजी मोहन ने संभाली निर्देशन की कमान
जानकारी के अनुसार, फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने तैयार की है। फिल्म में अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। 'नई नवेली' का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है। फिल्म का संगीत जी.वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।
वहीं, 'फटा पटाखा' को जी.वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज किया है, जबकि इसके लिरिक्स वायु ने लिखे हैं। इस गाने को मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है। ट्रैक की कोरियोग्राफी विजय गांगुली ने की है।
16 अक्टूबर को रिलीज होगी 'नई नवेली'
अमेजन MGM स्टूडियोज और कलर येलो के बैनर तले बनी यह फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब दूसरे गाने के रिलीज होने के बाद दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और कहानी पर भी टिकी है।








