Oscars 2027: भारत की मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ की ऑफिशियल एंट्री; ‘धुरंधर’और ‘हनुमान अंश’ को पछाड़ा
Oscars 2027: मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है। संतोष डावखर की यह फिल्म महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककला और धार्मिक अनुष्ठान पर आधारित थ्रिलर है।
Oscars 2027: मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को मुंबई में इसकी घोषणा की। फिल्म को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की ओर से भेजा जाएगा। संतोष डावखर के निर्देशन और लेखन में बनी यह फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
33 फिल्मों में से चुनी गई ‘गोंधळ’
जानकारी के अनुसार, इस साल भारत की ऑस्कर एंट्री के लिए कुल 33 फिल्मों को विचार में शामिल किया गया था। इनमें हिंदी की 14 फिल्में, मराठी, तेलुगु और गुजराती से चार-चार फिल्में भेजी गई थीं। तमिल से तीन और मलयालम तथा नागामी भाषा से एक-एक फिल्म शामिल थी। प्रतिस्पर्धा में ‘धुरंधर’, ‘धुरंधर द रिवेंज’, ‘बॉर्डर 2’, ‘120 बहादुर’, ‘हनुमान अंश’, ‘हक’ और अन्य फिल्में भी शामिल थीं। FFI की जूरी ने सभी प्रविष्टियों पर विचार करने के बाद ‘गोंधळ’ को भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना।
क्या है ‘गोंधळ’ की कहानी?
‘गोंधळ’ की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र में होने वाले एक पारंपरिक रातभर चलने वाले अनुष्ठान के दौरान आगे बढ़ती है। फिल्म में एक नवविवाहित जोड़े के घर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के बीच गांव के लोगों के बीच मौजूद पुराने तनाव, रिश्तों की उलझन और व्यक्तिगत संघर्ष सामने आने लगते हैं। फिल्म की कहानी धीरे-धीरे एक थ्रिलर और सस्पेंस ड्रामा का रूप लेती है। पारंपरिक अनुष्ठान फिल्म के कथानक का अहम हिस्सा है और इसी के जरिए ग्रामीण समाज के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाया गया है।
महाराष्ट्र की लोक परंपरा बनी फिल्म का केंद्र
‘गोंधळ’ नाम महाराष्ट्र की एक पारंपरिक धार्मिक लोककला से जुड़ा है। इसमें संगीत, नृत्य और कथात्मक प्रस्तुति के जरिए धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाता है। फिल्म ने इसी सांस्कृतिक परंपरा को अपनी कहानी की पृष्ठभूमि बनाया है।
किशोर कदम समेत कई कलाकार आए नजर
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर, सुरेश विश्वकर्मा और अनुज प्रभु समेत कई कलाकार नजर आते हैं। फिल्म का लेखन और निर्देशन संतोष डावखर ने किया है। वहीं, ‘गोंधळ’ का प्रीमियर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में हुआ था। फिल्म के निर्देशक संतोष डावखर को IFFI में सिल्वर पीकॉक से सम्मानित किया गया था।
फिल्म का ऑस्कर के लिए चयन मराठी सिनेमा के लिए भी खास है। ‘गोंधळ’ ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुनी जाने वाली चौथी मराठी फिल्म है। इससे पहले ‘श्वास’, ‘हरिश्चंद्राची फैक्टरी’ और ‘कोर्ट’ भारत की ओर से इस मंच तक पहुंच चुकी हैं।






