'तू रुक, तेरा गाड़ी नंबर पुलिस को देती हूं', भोपाल में महिला राइडर से गुरुग्राम जैसा कांड!
आबिदा ने बताया कि कार सवार युवक कुछ दूरी तक उनके पीछे आते रहे, लेकिन थाना पहुंचने से पहले ही वापस चले गए। घटना के दौरान उन्होंने बाइक पर लगा कैमरा चालू रखा था।
MP News: राजधानी भोपाल में महिला बाइक राइडर के साथ गुरुग्राम जैसी घटना की कोशिश की गई है। महिला बाइक राइडर आबिदा राणा बीबाग-निशातपुरा रोड से गुजर रही थीं। इस दौरान सड़क के बीच एक कार आ गई। कार में मौजूद युवकों ने उनके साथ बहस और बदसलूकी शुरू कर दी। पीछे से दूसरे वाहन लगातार हॉर्न बजा रहे थे, इसलिए आबिदा ने किसी तरह कार के बगल से निकलने की कोशिश की। महिला राइडर ने बताया कि काफी देर तक आरोपी परेशान करते रहे। घटना करीब डेढ़ महीने पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
'तू रुक, तेरा गाड़ी नंबर पुलिस को देती हूं'
आबिदा के मुताबिक घटना 2 अगस्त की है। आबिदा ने बताया कि कार सवार युवक इसके बाद भी नहीं रुके। उन्होंने अपनी कार से बाइक का पीछा किया और कई बार रास्ता रोकने की कोशिश की। करीब 600 से 700 मीटर तक यह सिलसिला चलता रहा। आबिदा ने युवकों को चेतावनी दी कि पुलिस थाना पास में है और वह शिकायत करेंगी।
इसके बाद वह निशातपुरा थाने की तरफ बढ़ीं। आबिदा ने बताया कि कार सवार युवक कुछ दूरी तक उनके पीछे आते रहे, लेकिन थाना पहुंचने से पहले ही वापस चले गए। घटना के दौरान उन्होंने बाइक पर लगा कैमरा चालू रखा था। बाद में इसी घटना का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था।
आरोपियों ने लिखित रूप से माफी मांगी
घटना के बाद आबिदा ने पुलिस से शिकायत की। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने मामले को लेकर दोनों युवकों को थाने बुलाया और उन्हें महिला से दोबारा संपर्क नहीं करने की चेतावनी दी। पुलिस की मौजूदगी में युवकों ने आबिदा से माफी मांगी और लिखित माफीनामा भी दिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई, क्योंकि आबिदा ने आपराधिक केस आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया था। यानी मामला फिलहाल शिकायत और माफीनामे तक ही रहा।
आबिदा ने गुरुग्राम की घटना का जिक्र किया
भोपाल की यह घटना अब गुरुग्राम की महिला बाइक राइडर सिया के मामले के बाद चर्चा में आई है। गुरुग्राम में सिया की बाइक को कार से टक्कर मारने और पीछा करने का मामला सामने आया था। पुलिस ने जांच के दौरान केस में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा भी जोड़ी है। इस मामले की जांच SIT कर रही है और सिया ने अपनी पूरी राइड की वीडियो फुटेज पुलिस को दी है।
भोपाल की आबिदा ने भी गुरुग्राम की घटना का जिक्र करते हुए महिलाओं की सड़क पर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि राइडिंग उनका शौक है और ऐसी घटनाओं के कारण महिलाओं को अपना शौक छोड़ने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सिया के मामले में कार्रवाई की मांग भी की है।
महिला बाइक राइडर से बदसलूकी ने उठाए सवाल
यह मामला सड़क पर महिलाओं के साथ होने वाली बदसलूकी, पीछा करने और रास्ता रोकने जैसी घटनाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करता है। साथ ही यह भी दिखाता है कि ऐसी घटनाओं में वीडियो रिकॉर्डिंग और समय पर पुलिस को सूचना देना शिकायत की जांच में अहम हो सकता है।
.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)