एमपी TET को लेकर गाइडलाइन जारी; ये शिक्षक नहीं दे पाएंगे परीक्षा, क्या हैं नियम, जानें पूरी खबर
मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर शिक्षा विभाग ने गाइडलाइन जारी कर दी है।
MP TET Guideline: मध्य प्रदेश शिक्षा विभाग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि किसे परीक्षा देना है और किसे नहीं। परीक्षा इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) द्वारा ऑफलाइन मोड में आयोजित कराई जाएगी।
करीब डेढ़ लाख शिक्षक TET के दायरे में आ रहे हैं। अब तक करीब 19 हजार आवेदन भरे जा चुके हैं। शिक्षक संगठन लंबे समय से परीक्षा को लेकर स्पष्ट गाइडलाइन जारी करने की मांग कर रहे थे।
इन शिक्षकों को देनी होगी परीक्षा
शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत आयोजित पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करने वाले संबंधित शिक्षकों को TET परीक्षा देनी होगी। सरकारी स्कूलों में प्राथमिक स्तर (सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-3 प्राथमिक शिक्षक विज्ञान/प्रयोगशाला शिक्षक) और माध्यमिक स्तर (उच्च श्रेणी शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक श्रेणी 2) के शिक्षकों को इसमें शामिल किया गया है।
इन्हें नहीं देनी होगी परीक्षा
गाइडलाइन के अनुसार केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) उत्तीर्ण कर चुके शिक्षकों को मध्यप्रदेश TET देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, अशासकीय विद्यालयों में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षक भी TET पात्रता परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
5 अक्टूबर तक भर सकेंगे आवेदन
TET परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया कर्मचारी चयन मंडल के पोर्टल के माध्यम से होगी। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिस जिले में नौकरी, वहीं मिलेगा परीक्षा केंद्र
शिक्षकों को उनके कार्यरत जिले के जिला मुख्यालय पर परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। हालांकि पांढुर्णा और मऊगंज के शिक्षकों के लिए पूर्व व्यवस्था के अनुसार क्रमशः छिंदवाड़ा और रीवा जिले के परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जाएंगे।
किसी जिले में परीक्षार्थियों की संख्या बहुत कम होने पर समीपवर्ती जिले या संभागीय स्तर पर परीक्षा केंद्र आवंटित करने का अधिकार मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के पास रहेगा।
MP Board कराएगा TET परीक्षा
इस बार TET परीक्षा का आयोजन मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ऑफलाइन मोड में कराया जाएगा। परीक्षा को लेकर जारी गाइडलाइन से शिक्षकों के बीच पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है।

.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)