इंदौर में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, CM मोहन यादव ने किया भाजपा अध्यक्ष का स्वागत, 50 लाख लोगों को मुफ्त रजिस्ट्री
मध्य प्रदेश के 23 हजार से ज्यादा गांवों में एक महीने तक जमीन और संपत्ति के रिकॉर्ड की मुफ्त रजिस्ट्री का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पैतृक संपत्ति हर परिवार की भावनाओं और सपनों से जुड़ी होती है।
.jpg&w=3840&q=75)
MP News: इंदौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के मौके पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल हुए। नितिन नवीन का मध्य प्रदेश में पहली बार आगमन हुआ। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को भारत की ताकत और क्षमता से परिचित कराया है। हाल ही में नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स सम्मेलन में भी भारत की बढ़ती भूमिका दिखाई दी। रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों का भारत आना और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात को उन्होंने भारत के बढ़ते प्रभाव से जोड़ा।
23 हजार गांवों में मुफ्त रजिस्ट्री अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना के जरिए ग्रामीण लोगों को उनकी संपत्ति का अधिकार मिलेगा। मध्य प्रदेश के 23 हजार से ज्यादा गांवों में एक महीने तक जमीन और संपत्ति के रिकॉर्ड की मुफ्त रजिस्ट्री का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पैतृक संपत्ति हर परिवार की भावनाओं और सपनों से जुड़ी होती है।
50 लाख लोगों को मुफ्त रजिस्ट्री
नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर स्वामित्व योजना के रूप में बड़ा तोहफा दिया है। उनके मुताबिक, मध्यप्रदेश सरकार ने करीब 68 लाख भूखंडों का सर्वे किया है और अब 50 लाख लोगों को मुफ्त रजिस्ट्री के जरिए उनके अधिकार देने की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि यह रजिस्ट्री सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं है, बल्कि गांव के लोगों को सम्मान और अपने घर-जमीन पर अधिकार के साथ जीने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कई लोगों को दशकों से अपनी जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल पाया था।
लाड़ली बहनों को 55 हजार करोड़ से ज्यादा राशि भेजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों के खातों में अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को वीजीएफ के जरिए हर महीने 5 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ देने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। सरकार छोटे कामगारों और श्रमिकों के साथ खड़ी है। भगवान विश्वकर्मा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने छोटे-छोटे काम करने वालों को अपने पैरों पर खड़े होने की राह दिखाई।
80 करोड़ लोगों तक मुफ्त अनाज
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प से देश के करीब 80 करोड़ लोगों तक मुफ्त अनाज पहुंचाया जा रहा है। कोविड के समय 200 करोड़ से ज्यादा मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। गरीबों के बैंक खाते खोले गए और उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का मौका मिला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 25 वर्षों से सेवा और समर्पण के भाव से देश की सेवा की है। उन्होंने मध्यप्रदेश की धरती से प्रधानमंत्री की लंबी उम्र के लिए आशीर्वाद का दीप जलाने की बात कही।
महिलाओं और युवाओं पर भी जोर
नितिन नवीन ने कहा कि आज देश में वुमन लेड डेवलपमेंट की चर्चा हो रही है। देश में 3 करोड़ से ज्यादा लखपति बहनें स्वावलंबी बनी हैं, जबकि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 93 लाख महिलाएं आजीविका मिशन के जरिए विकास में योगदान दे रही हैं।
युवाओं के लिए स्टार्टअप और मुद्रा योजना का भी जिक्र किया गया। उन्होंने कहा कि देश में करीब 2 लाख स्टार्टअप आगे बढ़ रहे हैं और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।
'देवी अहिल्याबाई होल्कर ने धर्म-संस्कृति की मजबूत नींव रखी'
नितिन नवीन ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने सुशासन, धर्म-संस्कृति और जनसेवा की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने विधवा महिलाओं को संपत्ति का अधिकार और कानूनी सुरक्षा देने की पहल की थी। इसी सोच से स्वामित्व योजना के जरिए गरीबों के सपनों को जमीन पर उतारने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को करीब 35 से 36 देशों ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए हैं। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ से ज्यादा भारतीयों का सम्मान है।
'BRICS सम्मेलन पर विपक्ष ने राजनीति की'
कार्यक्रम में अयोध्या के श्रीराम मंदिर और उज्जैन के श्रीमहाकाल लोक का भी उल्लेख हुआ। नितिन नवीन ने ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर विपक्ष पर राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि उसे बड़े राष्ट्राध्यक्षों की मौजूदगी और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान नजर नहीं आया। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को बांटने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जानापाव समेत उन स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े हैं। कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा योजना, स्वस्थ नारी शक्ति परिवार योजना और दिल्ली में शुरू हो रहे सेमीकॉन इंडिया-2026 का भी उल्लेख किया गया।
-1.jpg&w=3840&q=75)
-1.jpg&w=3840&q=75)