ट्रैफिक नियम समझाने सड़क पर उतरे भगवान गणेश! इंदौर में हेमलमेट लगाने वालों को गुलाब देकर दिया आशीर्वाद
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। मोबाइल पर बात करने, मैसेज देखने या अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहने से चालक का ध्यान सड़क से हट जाता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
MP News: गणेश उत्सव के दौरान इंदौर पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर लोगों को जागरूक करने का अनोखा तरीका अपनाया। शहर के व्हाइट चर्च चौराहे पर पुलिस ने जागरुकता अभियान चलाया। जिसमें भगवान गणेश के स्वरूप के जरिए वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। गणेश जी के वेश में मौजूद कलाकार ने सड़क से गुजर रहे लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वालों को दिया गुलाब
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने चौराहे पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रोककर सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों की जानकारी दी। खास तौर पर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया गया। जिन लोगों ने इन नियमों का पालन किया, उन्हें पुलिस ने गुलाब देकर सम्मानित किया।
'आपकी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है'
जागरूकता अभियान में शहरों में कई जगह नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से लोगों को बताया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। नाटक में हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक सिग्नल जैसे नियमों के महत्व को आसान तरीके से समझाया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। मोबाइल पर बात करने, मैसेज देखने या अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहने से चालक का ध्यान सड़क से हट जाता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों से वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने और सामने चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई।
'गणेश जी' से मिला सड़क सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए भगवान गणेश के स्वरूप को माध्यम बनाया गया। चौराहे से गुजरने वाले कई वाहन चालकों और राहगीरों ने गणेश जी का आशीर्वाद लिया। हेलमेट पहनकर आने वाले वाहन चालकों को गणेश जी की ओर से फूल देकर सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
'चालान से बचने के लिए नहीं, जिंदगी बचाने के लिए नियम जरूरी'
पुलिस के इस प्रयास का उद्देश्य यातायात नियमों को केवल कार्रवाई या चालान तक सीमित रखने के बजाय जागरूकता और सकारात्मक संदेश के रूप में लोगों तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान आम लोगों और श्रद्धालुओं से भी सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों को समझाया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने के लिए जरूरी हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
-1.jpg&w=3840&q=75)
-1.jpg&w=3840&q=75)