बीच सड़क वर्दीधारी TI की दबंगई! ड्राइवर को मारा थप्पड़, बचाने आए दुकानदार का हाथ मरोड़कर घूंसा मारा
वीडियो सामने आने के बाद जब टीआई मनोज सोलंकी से घटना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मामले पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। टीआई मनोज सोलंकी ने सीनियर अधिकारियों से बात करने के बाद चर्चा करने के लिए कहा।
MP News: मंदसौर में एक वर्दीधारी ट्रैफिक टीआई का बीच सड़क पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। यहां पुलिस अधिकारी ने पहले तो सामान खरीद रहे पिकअप चालाक को थप्पड़ जड़ा, फिर उसे बचाने आए दुकानदार का भी हाथ मरोड़कर घूंसा मार दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें टीआई मनोज सोलंकी मारपीट करते हुए हुए दिखाई दे रहे हैं। पूरे मामले पर जब मीडिया ने टीआई से बात करनी चाही तो उन्होंने कहा कि साहब से बात करके बताएंगे। वहीं घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
सामान लेने के लिए सड़क पर खड़ा किया था वाहन
घटना शहर के वीर सावरकर पुलिया इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर की सुबह एक पिकअप वाहन दुकान के पास रुका था। चालक वहां अंडे खरीदने के लिए आया था। इसी दौरान सड़क पर वाहन खड़ा होने को लेकर यातायात थाना प्रभारी और चालक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद टीआई ने चालक के साथ मारपीट की।
दुकानदार आमिर पठान ने पुलिस अधिकारी पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पठान का आरोप है कि ड्राइवर ने सामान खरीदने के लिए वाहन को खड़ा किया था। इसी दौरान विवाद शुरू हुआ। दुकानदार के मुताबिक जब कर्मचारी ने मामले को शांत कराने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि वाहन गलत स्थान पर खड़ा था तो यातायात नियमों के तहत चालानी कार्रवाई की जा सकती थी। मारपीट को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई है।
CCTV कैमरे में कैद हुई घटना
घटना के बाद सामने आया सीसीटीवी फुटेज इस मामले का अहम हिस्सा बन गया है। वीडियो में सड़क किनारे वाहन और पुलिस अधिकारी के बीच विवाद होता दिखाई देता है। इसके बाद हाथापाई की स्थिति भी नजर आती है। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों की मौजूदगी भी फुटेज में दिखाई देती है। एक स्थानीय रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वाहन हटाने को लेकर विवाद के दौरान पुलिस अधिकारी की ओर से जुलूस के चलते रास्ता खाली कराने की बात कही गई थी। हालांकि इस संबंध में सामने आए अलग-अलग बयानों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मीडिया के सवाल पर TI ने नहीं दिया जवाब
वीडियो सामने आने के बाद जब टीआई मनोज सोलंकी से घटना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मामले पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। टीआई मनोज सोलंकी ने सीनियर अधिकारियों से बात करने के बाद चर्चा करने के लिए कहा। वहीं मंदसौर के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कार्रवाई की मांग की
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और संबंधित पक्षों के आरोपों को देखा जाएगा। इसके बाद घटना में वास्तविक रूप से क्या हुआ और किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है या नहीं, यह तय किया जाएगा।
फिलहाल मामले की जांच हो रही है। वायरल वीडियो ने पुलिसकर्मियों के सार्वजनिक व्यवहार और यातायात नियमों के पालन कराने के तरीके को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं, लेकिन अंतिम कार्रवाई जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही होगी।
.jpg&w=3840&q=75)
