स्पेस में भी हथियार तैनात कर रहा अमेरिका? किया बड़ा खुलासा
अमेरिका ने पहली बार माना है कि उसने पृथ्वी की कक्षा में अंतरिक्ष हथियार तैनात किए हैं।

America Space Weapons: अमेरिका ने पहली बार आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि ऑर्बिट में भी उनके हथियार मौजूद हैं। अमेरिकन स्पेस फोर्स के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि अमेरिका के पास ऑन-ऑर्बिट स्पेस कंट्रोल वेपन्स हैं, जो दुश्मन की कार्रवाई के खिलाफ संयुक्त सेना की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षमताओं का इस्तेमाल हमलावर और रक्षात्मक दोनों उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है।
क्या हैं 'स्पेस कंट्रोल वेपन्स'?
अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुसार इन हथियारों में भौतिक रूप से हमला करने वाले यानी काइनेटिक हथियार जैसे इंटरसेप्टर और बिना तबाही मचाए निष्क्रिय करने वाले नॉन-काइनेटिक हथियार जैसे लेजर, जैमर और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेपन्स सिस्टम शामिल हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल दुश्मन के सैटेलाइट की रडार तोड़ने में, उनका संपर्क काटने में या किसी खतरे को सीधे तबाह करने के लिए किया जा सकता है।
क्या अंतरिक्ष में चल रही युद्ध की तैयारी?
अमेरिका के दो मुख्य भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी, रूस और चीन अंतरिक्ष में अमेरिकी हितों के लिए संभावित खतरा माने जाते हैं। अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुसार, चीन "अपनी सैन्य आधुनिकीकरण रणनीति के तहत अंतरिक्ष और काउंटर-स्पेस क्षमताएं विकसित और संचालित करता है" जबकि रूस "अंतरिक्ष को युद्ध के मैदान के रूप में देखता है और मानता है कि भविष्य के संघर्षों में अंतरिक्ष पर वर्चस्व एक निर्णायक कारक होगा।"
हालांकि इस तरह के हथियार के व्यापक और विनाशकारी प्रभाव हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, उन उपग्रहों (सैटेलाइट्स) को बेकार करना जिन पर दुनिया मौसम का पूर्वानुमान लगाने और आपदाओं से निपटने के लिए निर्भर करती है, या फिर वैश्विक नेविगेशन सिस्टम को प्रभावित करना, जिनका उपयोग बैंकिंग और कार्गो शिपिंग से लेकर राइड-शेयरिंग और एम्बुलेंस बुलाने तक हर चीज में होता है।







