‘भारत-अमेरिका की दोस्ती से जलते हैं दूसरे देश’, अमेरिकी राजदूत बोले- PM मोदी से मिलना चाहते हैं राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारत और अमेरिकी रिश्तों की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जिनसे राष्ट्रपति ट्रंप मिलना चाहते हैं।

India US Relations: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों से कई दूसरे देश ‘जलते’ हैं।
गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और दिसंबर में होने वाले G20 समिट के दौरान जिन नेताओं से वह मिलना चाहते हैं, उनमें मोदी का नाम सबसे ऊपर होगा।
भारत आ सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप
इंडिया टुडे टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सर्जियो गोर ने कहा कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा जाए कि G20 में आने वाले नेताओं में वह किससे मिलना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री मोदी उनकी उनकी लिस्ट में सबसे ऊपर होंगे. हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किसी बैठक की अभी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है. अमेरिकी राजदूत ने यह भी संकेत दिया कि ट्रंप अगले साल भारत का दौरा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप वर्ष 2020 में भारत की अपनी यात्रा को आज भी बेहद याद करते हैं.
भारत-US ट्रेड डील पर क्या बोले सर्जियो गोर?
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर भी अमेरिकी राजदूत ने उम्मीद जताई कि बातचीत जल्द किसी नतीजे तक पहुंच सकती है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद समझौते पर दोबारा काम किया जा रहा है, लेकिन दोनों देश अभी भी डील के काफी करीब हैं. सर्जियो गोर ने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ महीनों में समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है.
भारत-अमेरिका के बीच 240 अरब डॉलर का व्यापार
सर्जियो गोर के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच अभी करीब 240 अरब डॉलर का व्यापार है। दोनों देशों का लक्ष्य आने वाले वर्षों में इसे बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करना है। उन्होंने कहा कि ट्रेड डील से दोनों देशों को आर्थिक फायदा हो सकता है। अमेरिका एक मजबूत और स्थिर भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है। गोर के बयान से साफ है कि भारत-अमेरिका के रिश्तों में व्यापार के साथ दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी भी अहम है।
