सीहोर को बड़ी औद्योगिक सौगात, सीएम डॉ. मोहन यादव ने नई पॉवर ट्रांसफार्मर यूनिट का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर स्थित सीजी क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का भव्य शुभारंभ किया।

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सीहोर जिले में क्रॉम्पटन ग्रीव्स पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ किया, इस खास अवसर पर उन्होंने विनिर्माण इकाई परिसर का को भी देखा। करीब 888 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस इकाई में हर साल 365 ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे और करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा सीहोर Sure है, निवेश में Secure है और रिटर्न Assure है।
भारत की सबसे बड़ी पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई
करीब 50 एकड़ में स्थापित यह इकाई एक ही स्थान पर स्थित भारत की सबसे बड़ी पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस संयंत्र का भूमि-पूजन किया था और अब करीब 13 से 14 महीने में यहां उत्पादन प्रारंभ हो गया है।
220 -1200 केवी श्रेणी के बनाए जाएंगे पॉवर ट्रांसफॉर्मर
सीहोर में स्थापित यह आधुनिक इकाई देश में बढ़ती विद्युत् जरूरतों को देखते हुए उच्च क्षमता वाले पॉवर ट्रांसफॉर्मर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यहां 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी के पॉवर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। इकाई की उत्पादन क्षमता हर माह 35 पॉवर ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की होगी। इतनी बड़ी क्षमता वाली इकाई एक ही स्थान पर स्थापित होने से देश में उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के निर्माण को मजबूती मिलेगी।
बिजली की जरूरत का 36 फीसदी हिस्सा सौर ऊर्जा से
नई यूनिट में ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक यूनिट की कुल बिजली जरूरत का करीब 36 प्रतिशत हिस्सा सोलर एनर्जी से पूरा करने की योजना है। इससे उत्पादन के साथ ऊर्जा के क्षेत्र में भी स्वच्छ विकल्प को बढ़ावा मिलेगा।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
सीएम डॉ. यादव ने बताया कि इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से क्षेत्र के 2000 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे लॉजिस्टिक्स, सप्लाई, मेंटेनेंस और स्थानीय छोटे व्यवसायों को भी काफी बढ़ावा मिलेगा।
सीएम ने बताए एमपी की ग्रोथ के पांच साथी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ मोहन यादव ने कहा सीहोर Sure है, निवेश में Secure है और रिटर्न Assure है। सीहोर की नई पॉवर ट्रांसफार्मर यूनिट देश के इलेक्ट्रिकल इकोसिस्टम को ट्रांसफॉर्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सीएम ने कहा मध्यप्रदेश की ग्रोथ के पाँच मजबूत साथी हैं पैशन, पोटेंशियल, पॉलिसी, परफॉर्मेंस और प्रोडक्शन, जो प्रदेश के विकास को नई रफ्तार दे रहे हैं।