शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने रोका CM मोहन यादव का काफिला, पद वृद्धि की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
राजधानी भोपाल में करीब 15 दिन से पद वृद्धि की मांग कर रहे शिक्षक भर्ती वर्ग 2-3 कैंडिडेट्स ने सीएम मोहन यादव का काफिला रोका।
MP Teacher Candidates Protest: भोपाल में वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने शिक्षक भर्ती में पद वृद्धि करने की मांग की है।
15 दिनों से धरना और भूख हड़ताल
शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी पिछले 15 दिनों से नीलम पार्क में धरना दे रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर कुछ अभ्यर्थी भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। अब मुख्यमंत्री का काफिला रोककर ज्ञापन देने के बाद एक बार फिर पद वृद्धि की मांग तेज हो गई है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिलाया भरोसा!
सीएम ने हाथ से भरोसा दिलाया और सिर हिलाकर कर कहा-बात करते हैं। मुख्यमंत्री और अभ्यर्थियों के बीच हुई इस मुलाकात से धरना दे रहे वर्ग 2 और 3 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर से पहले सरकार उनकी मांग पर कोई बड़ा फैसला ले सकती है।
मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांगों को पूरा करने से फिलहाल इनकार कर दिया है।
खाली पदों को भरने की तैयारी
मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी भर्ती का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उस भर्ती में विज्ञापित पदों की संख्या को बढ़ाया या घटाया नहीं जा सकता। नए खाली पदों को सिर्फ नई भर्ती के विज्ञापन में शामिल किया जा सकता है।
कैंडिडेट्स की ओर से उच्च माध्यमिक शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही थी। विभाग ने वैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा है कि परीक्षा परिणाम के बाद पुरानी भर्ती में नए पद जोड़ना नियमों के अनुरूप नहीं है।
