MP News: '7 महीने से अनुपस्थित, ड्यूटी ज्वाइन नहीं की', महिला SI के सैलरी रोकने के आरोप पर SP ने दी सफाई
एसपी ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद मामले का नियमानुसार समाधान किया जाएगा। ऐसे में अब मेडिकल दस्तावेज और विभागीय रिकॉर्ड की जांच के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर में महिला एसआई के सैलरी रोकने के बयान पर एसपी ने सफाई दी है। एसपी राजीव मिश्रा का कहना है कि जिस एसआई ने सैलरी रोकने का आरोप लगाया है, वो पिछले 7 महीने से विभाग में गैर हाजिर हैं। उन्हें 10 दिन की छुट्टी मिली थी. लेकिन रेस्ट के बाद उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की और ना ही मुझसे मिलने आई हैं। इसके साथ ही एसपी ने महिला एसआई पूजा रघुवंशी को बीमारी से जुड़े दस्तावेज विभाग में पेश करने के लिए कहा है। एसपी का कहना है कि मेडिकल दस्तावेज देखने के बाद समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की जाएगी।
'विभाग की तरफ से इलाज की सुविधा उपबल्ध करवाई जाती है'
महिला एसआई का वीडियो वायरल होने के बाद अशोकनगर के एसपी राजीव मिश्रा ने विभाग का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पूजा रघुवंशी पिछले करीब सात महीने से विभाग में अनुपस्थित हैं। एसपी के मुताबिक मेडिकल बोर्ड की ओर से उन्हें 10 दिन आराम की अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की।
एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में कर्मचारियों और अधिकारियों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था है। गंभीर बीमारी या स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। एसपी ने कहा कि बीमारी के प्रति संवेदनशीलता के साथ-साथ विभागीय अनुशासन का पालन भी जरूरी है।
वीडियो में रोते हुए नजर आईं थी महिला SI
महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा रघुवंशी से जुड़ा वेतन विवाद सामने आने के बाद पुलिस विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया है। एसआई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बताई थी। उनका कहना था कि सड़क हादसे के बाद रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानी के कारण वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रही हैं और उनका वेतन भी कई महीनों से नहीं मिला है।
पूजा रघुवंशी के मुताबिक, वह पूरी तरह ड्यूटी से दूर नहीं रहना चाहतीं। उन्होंने विभाग से अनुरोध किया था कि स्वास्थ्य को देखते हुए फिलहाल कुछ दिन ऑफिस के काम में ना लगाया जाए। एसआई ने अपील की थी कि सामान्य होने के बाद वह दोबारा फील्ड ड्यूटी संभालने के लिए तैयार हैं। महिला एसाई ने यह भी दावा किया कि अपनी समस्या को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर आवेदन किए गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मेडिकल दस्तावेज देखकर की जाएगी जांच
पुलिस विभाग ने एसआई से उनकी अनुपस्थिति और बीमारी से जुड़े मेडिकल दस्तावेज नियमानुसार प्रस्तुत करने को कहा है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद मामले का नियमानुसार समाधान किया जाएगा। ऐसे में अब मेडिकल दस्तावेज और विभागीय रिकॉर्ड की जांच के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।