‘भाजपा फीनिक्स पक्षी जैसी...कभी खत्म नहीं होगी’, कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर बोले सीएम डॉ. मोहन यादव
कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशनल सेंटर पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशनल सेंटर पहुंचकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने संगठन, सरकार और समाज से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कुशाभाऊ ठाकरे से सीखें संगठन और सरकार चलाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन को खड़ा करने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन बताता है कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है। हमें उनसे संगठन और सरकार चलाने की सीख लेनी चाहिए।
फीनिक्स पक्षी से की BJP की तुलना
भाजपा की तुलना फीनिक्स पक्षी से करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फीनिक्स के बारे में मान्यता है कि राख से भी वह दोबारा जन्म लेता है। इसी तरह भाजपा भी तमाम चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद समाप्त नहीं होती। उन्होंने कहा कि पार्टी को जितना कमजोर करने की कोशिश की जाती है, वह उतनी ही ताकत के साथ फिर खड़ी होती है।
UCC लागू करने वाले बड़े राज्यों में MP
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश उन बड़े राज्यों में शामिल हो गया है, जिन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लागू किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सबको समान दृष्टि से देखती है। "मुस्लिम की बहन भी हमारी बहन है और हिंदू की बहन भी हमारी बहन है।"
युद्ध की स्तिथि में भी बढ़ी भारत की GDP
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की जीडीपी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत आगे बढ़ रहा है।