खरगोन में फूड पॉइजनिंग से 37 लोग बीमार, रबड़ी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
खरगोन में रबड़ी खाने से 37 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इन सभी को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं।
.jpg&w=3840&q=75)
Khargone Food Poisoning: मध्य प्रदेश के खरगोन में होटल की रबड़ी खाने के बाद 37 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। घटना टांडा बरुड़ के बस स्टैंड स्थित कैलाश होटल की बताई जा रही है। एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रबड़ी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को हरतालिका तीज के त्योहार के चलते गांव की कई महिलाओं और बच्चों ने बस स्टैंड बरुड़ स्थित कैलाश होटल की रबड़ी खाई थी। इसके बाद देर शाम कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते एक साथ कई लोगों के बीमार होने से गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। कुछ मरीजों को टांडा बरुड़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर लक्षण वाले मरीजों को खरगोन के अस्पतालों में ले जाया गया। जिला अस्पताल में भर्ती 8 मरीजों में 4 बच्चे भी शामिल हैं।
खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
घटना की जानकारी मिलते ही बरुड़ पुलिस होटल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी होटल से रबड़ी के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके कि रबड़ी में किसी तरह की मिलावट या खराबी थी या नहीं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल रबड़ी खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन लोगों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।




.jpg&w=3840&q=75)
