राहुल गांधी के कार्यक्रम को पुलिस से नहीं मिली अनुमति! 19 सितंबर को होगा ‘छात्रों की गूंज'?
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने अभी तक लिखित में कोई अनुमति जारी नहीं की हैं।
Rahul Gandhi: इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जारी हैं, लेकिन पुलिस की लिखित अनुमति को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत चल रही है।
19 सितंबर को होना है ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। इससे पहले नेहरू स्टेडियम में आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम की तारीख बदली गई थी। अब रीजनल पार्क के सामने स्थित इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के खाली मैदान पर आयोजित किया जा रहा है।
लिखित अनुमति पर अभी तस्वीर साफ नहीं
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक पुलिस की ओर से अभी तक लिखित में अनुमति जारी नहीं की गई है। पुलिस कार्यक्रम से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की जानकारी जुटा रही है। खासतौर पर भीड़ प्रबंधन, फायर सेफ्टी और महिला सुरक्षा जैसे पहलुओं पर जानकारी ली गई है।
कांग्रेस ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर मांगी अनुमति
इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने इंदौर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी है। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी। इसके बाद राहुल गांधी युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कांग्रेस ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना जताई है। पार्टी के अनुमान के मुताबिक, करीब 15 हजार लोग कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं। कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए चार घंटे की अनुमति मांगी है। प्रस्तावित समय के अनुसार कार्यक्रम शाम 5 बजे शुरू होकर रात 9 बजे तक चलेगा।
राहुल गांधी की सुरक्षा भी अहम मुद्दा
राहुल गांधी को मिली सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय जरूरी है। आयोजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल और आने-जाने के रास्तों की समीक्षा की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं की जानकारी लेने के बाद ही अनुमति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

.jpg&w=3840&q=75)

