अमेरिका में LIVE कवरेज के दौरान मीडिया हेलीकॉप्टर क्रैश; पत्रकार, पायलेट समेत 3 की मौत
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार शाम NBC न्यूज का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया।
America Helicopter Crash: अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 15 सितंबर को एक बड़ा हादसा हो गया। NBC न्यूज के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक हेलिकॉप्टर पार्किंग एरिया में क्रैश हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हेलिकॉप्टर में पायलट जॉर्ज मार्सिनिव और फोटो जर्नलिस्ट एलियाना मोरेनो सवार थे। दोनों की मौत हो गई। जमीन पर मौजूद एक शख्स की भी हादसे में मौत हुई है। हादसे के वक्त न्यूज टीम पास में हुए एक बस हादसे की रिपोर्टिंग कर रही थी। NBC4 लॉस एंजिल्स की एंकर कोलीन विलियम्स ने लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान बताया कि स्टेशन का हेलिकॉप्टर शाम करीब 7 बजे से कुछ पहले क्रैश हुआ। उन्होंने कहा कि हमे इसे प्रोसेस करने के लिए कुछ मिनट लेंगे। इस दौरान उनकी आवाज कांप रही थी। कुछ ही देर बाद NBC4 की लाइव कवरेज अचानक रुक गई।
बस हादसे की कवरेज के दौरान हेलिकॉप्टर क्रैश
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर लॉस एंजिल्स के सैन फर्नांडो वैली इलाके के चैट्सवर्थ में एक स्टोरेज फैसिलिटी के पास क्रैश हुआ। उस समय न्यूज टीमें एक बस हादसे को कवर कर रही थीं। इस बस हादसे में दो लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए।
NTSB और FAA करेंगे हेलिकॉप्टर क्रैश की जांच
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) हेलिकॉप्टर क्रैश की जांच करेंगे।
लॉस एंजिल्स की मेयर ने जताया दुख
लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने हादसे को शहर के लिए ‘दिल तोड़ने वाली रात’ बताया। उन्होंने दोनों हादसों में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।








