इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, रेस्टोरेंट के निरीक्षण मिली गंदगी, नोटिस जारी
इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कई रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सिंफनी, रजवाड़ी और टिंबकतु रेस्टोरेंट से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।
इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बुधवार को कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और फूड सेफ्टी मानकों की स्थिति देखी गई। कुछ प्रतिष्ठानों में कमियां मिलने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए और खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
सिंफनी रेस्टोरेंट में मिलीं कई कमियां
सीएम हेल्पलाइन से मिली शिकायत के आधार पर कैट रोड स्थित सिंफनी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। टीम ने पनीर, नूडल्स, तैयार ग्रेवी और घी के सैंपल लिए।
निरीक्षण के दौरान किचन में साफ-सफाई का उचित प्रबंधन नहीं मिला। फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। रेफ्रिजरेटर में आवश्यक तापमान नहीं मिला और खाद्य सामग्री पर डेट मार्किंग भी नहीं की गई थी। कुछ खाद्य सामग्री खुली अवस्था में रखी मिली। इन कमियों को लेकर रेस्टोरेंट को सुधार के लिए सूचना पत्र जारी किया गया है।
रजवाड़ी रेस्टोरेंट से पनीर और ग्रेवी के सैंपल
कैट रोड स्थित रजवाड़ी रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। यहां से पनीर और ग्रेवी के सैंपल जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
टिंबकतु रेस्टोरेंट के किचन में मिले कॉकरोच
सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54 स्थित टिंबकतु रेस्टोरेंट की जांच के दौरान दाल, चावल, मैदा और मूंगफली दाना के सैंपल लिए गए।
जांच में वेजिटेरियन और नॉन-वेजिटेरियन खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। डस्टबिन खुले थे और किचन में कॉकरोच भी पाए गए। इसके अलावा किचन में स्वच्छता और हाइजीन का उचित प्रबंधन नहीं मिला। वॉटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी और फूड लाइसेंस भी उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं मिला। इन कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।
सुधार न होने पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। फिलहाल संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए सुधार का मौका दिया गया है। लिए गए सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

-1.jpg&w=3840&q=75)
-1.jpg&w=3840&q=75)