पहले आशिक से मिलकर पति की हत्या करवाई, फिर प्रेमी को भी छोड़ा, तीसरे आदमी से की शादी; 11 महीने बाद महिला गिरफ्तार
साईन की गिरफ्तारी के बाद भी रियासत के परिवार की परेशानियां खत्म नहीं हुई हैं। मृतक के भाई इसरार ने आरोप लगाया है कि परिवार पर केस में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने धमकियां मिलने की शिकायत भी की है।
UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत में पति की हत्या के मामले में फरार चल रही महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की पहचान साईन उर्फ साइना बेगम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उस पर अपने प्रेमी सारिम उर्फ कटा के साथ मिलकर पति रियासत की हत्या करने का आरोप है। करीब 11 महीने तक पुलिस से बचने के बाद साईन को गिरफ्तार किया गया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पति की हत्या के बाद साईन अपने कथित प्रेमी से भी अलग हो गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से दूसरा निकाह कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पड़ोस के युवक से बढ़ी थीं नजदीकियां
यह मामला बागपत कोतवाली क्षेत्र के केतीपुरा मोहल्ले की नई बस्ती का है। हापुड़ जिले के भटियाना गांव के रहने वाले रियासत यहां अपने परिवार के साथ रहते थे। वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान रियासत की पत्नी साईन की पड़ोस में रहने वाले सारिम से नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जब रियासत को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद साईन और सारिम ने रियासत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इस साजिश में सारिम का साथी कलीम उर्फ कल्लू भी शामिल था।
पति के पैर पकड़े, प्रेमी ने चाकू मारा
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर 2025 की शाम रियासत के घर में विवाद हुआ। इसी दौरान सारिम ने रियासत पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि साईन ने अपने पति के पैर पकड़ लिए, ताकि वह बचकर भाग न सके। वहीं सारिम ने रियासत के सीने पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण रियासत की मौत हो गई।
घटना के बाद रियासत के परिवार में हड़कंप मच गया। उनके भाई इसरार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने साईन, सारिम और कलीम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कलीम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं साईन और सारिम फरार हो गए थे।
प्रेमी ने किया सरेंडर, साईन ने कर लिया दूसरा निकाह
हत्या के बाद पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। कुछ समय बाद सारिम ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं साईन लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रही। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साईन ने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक से दूसरा निकाह कर लिया है। वह उसके साथ रहने लगी थी। यानी जिस प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है, उससे भी साईन ने दूरी बना ली थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के पास एक होटल के नजदीक घेराबंदी कर साईन को गिरफ्तार किया।
मृतक के परिवार ने मांगी सुरक्षा
साईन की गिरफ्तारी के बाद भी रियासत के परिवार की परेशानियां खत्म नहीं हुई हैं। मृतक के भाई इसरार ने आरोप लगाया है कि परिवार पर केस में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने धमकियां मिलने की शिकायत भी की है।
परिवार ने पुलिस से सुरक्षा देने और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल साईन जेल में है, जबकि सारिम पहले ही अदालत में सरेंडर कर चुका है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों की अंतिम स्थिति अदालत में तय होगी।


.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)