बलिदान दिवस पर CM मोहन यादव ने शहीदों को किया नमन, कहा- स्कूलों में पढ़ाएंगे शंकर शाह-रघुनाथ शाह की बलिदान गाथा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजा शंकर शाह - कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें नमन कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शंकर शाह-रघुनाथ शाह की वीरगाथा को मध्यप्रदेश के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कर विद्यार्थियों को उनके बलिदान और संघर्ष से परिचित कराया जाएगा।
स्कूलों में पढ़ाई जाएगी शंकर शाह-रघुनाथ शाह की गाथा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 की क्रांति के महानायक राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के जीवन और बलिदान की जानकारी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से उनकी गाथा को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा की गई।
बलिदान स्थल का होगा संरक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीदों की स्मृति को बनाए रखने के लिए उनके बलिदान स्थल का संरक्षण किया जा रहा है। उनके जीवन और बलिदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी बनाई जा रही है।
अंग्रेजों के प्रस्ताव ठुकराकर चुना बलिदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेजों के धर्म परिवर्तन और प्रलोभन से जुड़े प्रस्तावों को ठुकरा दिया था। उन्होंने स्वधर्म, सनातन संस्कृति और भारत की आजादी के लिए प्राणों का बलिदान देना स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों ने गुलामी की शर्तें मानने से इनकार किया और मातृभूमि के सम्मान को सर्वोपरि रखा।
आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने आदिवासी क्षेत्रों के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत से विकास’ के विजन का भी उल्लेख किया।
‘नमो प्रेरणा’ कार्यक्रम की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कैंसर एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘नमो प्रेरणा’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को कैंसर से बचाव एवं जागरूकता के प्रति प्रेरित किया जाएगा।



.jpg&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)