Pakistan Blast: कोहाट में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमला, 16 की मौत; 50 से ज्यादा घायल
Pakistan Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमला हुआ। विस्फोटक से भरी गाड़ी से किए गए हमले में 16 लोगों की मौत और 50 से ज्यादा घायल हुए।
Pakistan Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार की नमाज के दौरान बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। पुलिस लाइंस के पास हुए इस विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 5 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घायलों को कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्फोटक से भरी गाड़ी से किया गया हमला
पुलिस के शुरुआती बयान के मुताबिक, हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को पुरानी पुलिस लाइंस के गेट से टकरा दिया। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद और आसपास की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा और एक दीवार भी ढह गई। घटना के वक्त मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज के लिए मौजूद थे। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बचाव दलों ने मलबे से लोगों को निकालने का काम शुरू किया।
मारे गए सभी हमलावर
सूत्रों के अनुसार, विस्फोट के बाद पुलिस और हथियारबंद हमलावरों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। हमलावरों ने पुलिस परिसर में घुसने की कोशिश की थी। इस दौरान हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जिसमें सभी सात हमलावर मारे गए।
घायलों का इलाज जारी
बता दें, धमाके के बाद कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल में इमरजेंसी घोषित की गई। बड़ी संख्या में घायलों को इलाज के लिए लाया गया है। रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर मलबे की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है और पुलिस लाइंस के आसपास आवाजाही को नियंत्रित किया गया है।
CM सोहेल अफरीदी ने मांगी घटना की रिपोर्ट
वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना पर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रांतीय गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी हमले की निंदा की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
कोहाट हमले की जांच जारी
हालांकि, कोहाट में हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल की जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी में विस्फोटक से भरी गाड़ी के इस्तेमाल की बात सामने आई है। हमले में कितने लोग सीधे विस्फोट की चपेट में आए और बाद की मुठभेड़ में कितने हमलावर मारे गए, इस पर अधिकारियों की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।






