मराठी बोलने से इनकार पर संजय दत्त ने मांगी माफी, मंत्री को कॉल कर बोले- अच्छी मराठी आती है
मराठी भाषा को लेकर दिए गए बयान पर उठे विवाद के बाद संजय दत्त ने महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक को फोन कर सफाई दी।
Sanjay Dutt Marathi Controversy: बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त मराठी बोलने से इनकार करने पर विवादों में हैं। वह कुछ समय पहले दही हांडी प्रोग्राम में पहुंचे थे, जहां शिवसेना नेता (शिंदे गुट) और महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने उनसे मराठी में बात करने कहा था। संजय ने इनकार कर दिया और कहा कि वो 6 साल तक जेल में रहकर भी मराठी नहीं सीख सके। संजय के बयान पर विवाद हो गया, जिसके बाद अब उन्होंने मंत्री प्रताप सरनाईक को कॉल कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा है कि उन्हें अच्छी मराठी आती है। गलत संदेश गया, तो माफी मांगता हूं।
संजय दत्त ने मंत्री को दी सफाई
जानकारी के मुताबिक, प्रताप सरनाईक एक बैठक में थे, तभी संजय दत्त का फोन आया। संजय ने बातचीत की शुरुआत मराठी में “प्रताप भाई, जय महाराष्ट्र” कहकर की। संजय दत्त ने सफाई देते हुए कहा कि ठाणे में आयोजित दही हांडी कार्यक्रम में उन्होंने यह बात मजाकिया अंदाज में कही थी। उन्होंने सरनाईक से कहा, “अगर मेरी बात से किसी की भावना आहत हुई हो या कोई गलत संदेश गया हो तो मैं माफी चाहता हूं। मेरा परिवार मुंबईकर है। मैं इसी मिट्टी में पला-बढ़ा हूं और महाराष्ट्र ने मुझे बहुत कुछ दिया है।”
जानिए क्या है पूरा विवाद?
ठाणे में आयोजित दही हांडी कार्यक्रम के दौरान संजय दत्त ने मजाक करते हुए कहा था कि 6 साल येरवडा जेल में रहने के बावजूद वह मराठी नहीं सीख पाए। उनका कहना था कि उन्होंने यह बात केवल हल्के-फुल्के मजाक के तौर पर कही थी, लेकिन बाद में इसे गंभीर टिप्पणी के तौर पर लिया गया और इससे अलग तरह का संदेश लोगों तक पहुंचा।






