टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद खौफजदा बॉलीवुड! सितारों की सुरक्षा बढ़ाई गई, 'अक्की' के घर लगे बुलेटप्रूफ शीशे
सलमान खान को पहले से ही Y-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। फायरिंग की घटना के बाद उनके घर के आसपास सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। सड़क पर बैरिकेडिंग भी लगाई गई है।
Bollywood Stars Security Tightened: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद मुंबई में कई फिल्मी सितारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सलमान खान के घर के बाहर पुलिस की तैनाती और सख्त की गई है, जबकि अक्षय कुमार के घर पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगाने का काम चल रहा है। यह घटनाक्रम उस जांच के बाद सामने आया है, जिसमें पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ से पहले हमलावरों ने सलमान खान को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। हालांकि, इस मामले में जांच अभी जारी है।
सलमान खान के घर की रेकी करने का दावा
टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने के मामले की जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के आसपास की रेकी की थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वहां कड़ी सुरक्षा देखकर हमलावर आगे नहीं बढ़े। इसके बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया।
सलमान खान को पहले से ही Y-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उनके घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है और आने-जाने के दौरान भी सुरक्षा दी जाती है। फायरिंग की घटना के बाद उनके घर के आसपास सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। सड़क पर बैरिकेडिंग भी किए जाने की खबर है।
अक्षय कुमार के घर पर बुलेटप्रूफ ग्लास
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद अक्षय कुमार के घर की सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके जुहू स्थित घर पर बुलेटप्रूफ ग्लास शील्ड लगाने का काम चल रहा है। घर के बाहर पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ाई गई है।
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि हमलावरों ने दूसरे बड़े फिल्मी सितारों के घरों की जानकारी जुटाने की कोशिश की थी। हालांकि, किस-किस को निशाना बनाने की योजना थी और इसमें किन लोगों की भूमिका रही, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
रविवार को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर उस समय गोली चलाई गई, जब वह फुटबॉल खेलने के बाद लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा में ट्रेन से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस इस मामले में हमले की साजिश और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन की जांच
इस घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित संबंधों और सोशल मीडिया पर सामने आए जिम्मेदारी लेने के दावों की भी चर्चा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की योजना कैसे बनाई गई, आरोपियों को जानकारी किसने दी और इस घटना के पीछे कौन लोग थे।
टाइगर श्रॉफ की घटना ने एक बार फिर फिल्मी सितारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और सलमान खान, अक्षय कुमार समेत दूसरे सितारों की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।






