'कातिल' पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार दिया! मौत को बताया हार्ट अटैक; मोबाइल ने खोल दिए राज
मेरठ में 30 वर्षीय राजमिस्त्री तालिब की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर हत्या का आरोप है। मोबाइल और संदिग्ध निशानों के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
Meerut Murder Case: यूपी के मेरठ में 30 साल के राजमिस्त्री की मौत के मामले में अब चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पत्नी ने जिसे हार्ट अटैक से हुई मौत बताया था वो अब हत्या का मामला लग रहा है। तालिब के परिजनों का आरोप है कि पत्नी इल्मा ने अपने आशिक अमन के साथ मिलकर तालिब की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसे हार्ट अटैक से हुई मौत दिखा दिया।
प्रेमी अमन के साथ कई बार देखी गई इल्मा
पूरा मामला लोहियानगर थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर इलाके का है। यहां 28 सितंबर को तालिब की मौत हुई थी। उस समय उसकी पत्नी इल्मा ने परिवार को बताया था कि उसकी मौत अचानक हुई है। इसके बाद परिजन शव को मुजफ्फरनगर ले गए और दफना दिया। लेकिन बाद में सामने आए कुछ तथ्यों ने परिवार को मौत के कारण पर शक करने के लिए मजबूर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि शव को दफनाने के दौरान खींची गई तस्वीरों में तालिब की गर्दन पर कुछ निशान दिखाई दिए। इसके अलावा मौत के बाद इल्मा के व्यवहार को लेकर भी परिवार को संदेह हुआ। आरोप है कि वह घर का सामान समेट रही थी। इसी दौरान आसपास के लोगों ने परिवार को बताया कि इल्मा के फतेहउल्लापुर रोड स्थित एक ब्यूटी स्टूडियो चलाने वाले अमन से संबंध थे। दोनों को कई बार साथ देखे जाने की बात भी सामने आई।
कपड़ों में मिला तालिब का मोबाइल
मामले में एक अहम कड़ी तालिब का मोबाइल फोन बना। परिजनों ने जब इल्मा से फोन के बारे में पूछा तो उसने मोबाइल नहीं मिलने की बात कही। परिवार ने दोबारा घर में तलाश की तो 2 अक्टूबर को मोबाइल कपड़ों के बीच छिपा हुआ मिला। इसके बाद फोन में मौजूद कॉल डिटेल, बातचीत और वॉयस रिकॉर्डिंग की जांच की गई। परिजनों का दावा है कि इससे इल्मा और अमन के बीच संपर्क की जानकारी सामने आई।
इसके बाद तालिब के चचेरे भाई अकरम अली ने लोहियानगर थाने में शिकायत दी। शिकायत में इल्मा और अमन पर तालिब की हत्या करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
'इल्मा के कबूलनामे का वीडियो पुलिस को सौंपा'
मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि परिजनों ने पुलिस को इल्मा का एक वीडियो भी सौंपा है। रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो में इल्मा कथित तौर पर घटना के बारे में बता रही है। उसके अनुसार तालिब से विवाद के बाद उसने अमन को फोन किया था। आरोप है कि अमन अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और इसके बाद तालिब के साथ मारपीट हुई।
परिजनों के मुताबिक इसी दौरान तालिब का गला दुपट्टे से दबाया गया। हालांकि पुलिस जांच में इस वीडियो और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
कब्र से निकाला जाएगा शव
पुलिस ने तालिब के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकालकर जांच कराई जाएगी। पुलिस आरोपी बताए जा रहे इल्मा और अमन की तलाश में भी जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दूसरे सबूतों से यह स्पष्ट होगा कि तालिब की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी।
तालिब की शादी करीब चार साल पहले इल्मा से हुई थी और दोनों की तीन साल की बेटी भी है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों और सामने आए सबूतों की जांच कर रही है।


