MP में 1 लाख से अधिक पदों पर होगी नई भर्तियां! CM मोहन यादव ने प्रमोशन समारोह में किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में राज्य में रोजगार को लेकर बड़ा ऐलान किया है।
CM Mohan Yadav Jobs Announcement: राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में सोमवार को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की ओर से अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मध्य प्रदेश मंडी बोर्ड संयुक्त संघर्ष मोर्चा सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए आभार जताते हुए संगठनों ने मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप हल और बैलगाड़ी भेंट की। कार्यक्रम को संबोधित करने हुए सीएम ने कहा कि उनकी सरकार इस कार्यकाल में अब तक 85 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है। हम अगले साल सभी विभागों में 1 लाख नए पदों पर भर्ती करने जा रहे हैं। इसी साल हम लगभग 1500 नए पदों पर भर्ती निकालने वाले हैं। कार्यक्रम में कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना भी मौजूद रहे।
‘मध्यप्रदेश देश की फूड बॉस्केट बन चुका है’
कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण का परिणाम है कि आज मध्यप्रदेश देश की फूड बॉस्केट बन चुका है। परम्परागत खेती से लेकर तकनीकी नवाचार और उद्योग तक विभाग के कर्मचारी-अधिकारी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। प्रदेश में कृषि विभाग सिर्फ डिपार्टमेंट का नाम नहीं यह, डेवलपमेंट का भी नाम है। कृषि में ही मध्यप्रदेश का विकास छुपा है, इस दृष्टि से मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि का रास्ता कृषि विभाग से होकर जाता है।
‘ राज्य सरकार कृषि विभाग के साथ’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति से उन्हें स्वयं को बहुत संतोष है। यह गर्व की बात है कि पदोन्नति के लिए एक दशक की लंबी प्रतीक्षा के बाद भी विभागीय अमले ने काम के प्रति अपने समर्पण को काम नहीं होने दिया। राज्य सरकार हर कदम पर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ है।
3 हजार 357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने एक साथ 3 हजार 357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति का लाभ दिया है। इसमें किसान कल्याण और कृषि विभाग के 1 हजार 725, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के 1 हजार 439, कृषि अभियांत्रिकी के 149, बीज प्रमाणीकरण के 36 और बीज निगम के 8 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इसके साथ ही 44 युवाओं को सहायक वर्ग-3 के रूप में अनुकम्पा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं।
अगले वर्ष में 1 लाख से अधिक पदों पर नई भर्ती
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि निकट भविष्य में अनुकंपा नियुक्ति की कोई पेंडेंसी नहीं रहेगी। सभी विभागों में पदोन्नति के लिए डीपीसी हर साल करवाई जाएगी, पदोन्नति से रिक्त पदों को समय से भरने के लिए नई भर्ती प्रक्रिया भी लगातार चल रही है। इस वर्ष कृषि विभाग के अंतर्गत मंडी बोर्ड में 600 मंडी निरीक्षक, 50 उपयंत्री, 30 सचिव, 100 डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित कुल 1500 से अधिक पदों पर नयी भर्ती वर्ष 2026 में पूरी कर ली जाएगी। हमारी सरकार ने अब तक 85 हजार से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को नौकरी दी है। अगले वर्ष में 1 लाख से अधिक पदों पर नई भर्ती करने का लक्ष्य है।


