MP Weather: प्रदेश के ऊपर चक्रवात एक्टिव, 4 दिन बारिश के आसार; जानें अपने जिले का हाल
मध्यप्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से अगले 4 दिन जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश के आसार हैं। भोपाल-इंदौर में दिन में तेज धूप और रात में ठंडक रहेगी।
MP Weather: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। प्रदेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक पूर्वी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में 6 से 8 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, भोपाल और इंदौर समेत पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में दिन के समय तेज धूप रहेगी।
आज इन जिलों में हल्की बारिश का अनुमान
IMD भोपाल के अनुसार पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में मंगलवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम का यह असर अगले दो दिनों तक भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते इन इलाकों में बादल छाने और तापमान में मामूली बदलाव की संभावना है।
इंदौर में रात का तापमान सबसे कम
मानसून की विदाई के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। कई शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच रहा है। इसके उलट रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात इंदौर में 17.2 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। बैतूल में 17.5, छिंदवाड़ा में 17.6, पचमढ़ी में 18 और अमरकंटक में 18.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इन जिलों में खिलेगी तेज धूप
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के बड़े हिस्से में मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर और पांढुर्णा समेत कई जिलों में धूप खिलने का अनुमान है।
3 अक्टूबर को MP से मानसून की विदाई
मध्यप्रदेश में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून करीब 100 दिन सक्रिय रहा। 24 जून को मानसून ने प्रदेश में दस्तक दी थी और 3 अक्टूबर को पूरे प्रदेश से इसकी विदाई हो गई। हालांकि मानसून की वापसी के बाद भी स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण कुछ इलाकों में बारिश का दौर बना हुआ है।
प्रदेश में सामान्य से 4% कम बारिश
इस मानसून सीजन में मध्यप्रदेश में कुल 908.4 मिमी यानी 35.8 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य 949.5 मिमी यानी 37.3 इंच के मुकाबले करीब 1.5 इंच कम है। यानी प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य से करीब 4% कम बारिश हुई।
इन इलाकों में बारिश का कोटा पूरा
प्रदेश के भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है।
इन जिलों में अब भी बारिश की कमी
वहीं नरसिंहपुर, दमोह, बालाघाट, अशोकनगर, मुरैना, मंदसौर, खंडवा, बड़वानी, नीमच, जबलपुर, रीवा, सागर, देवास, सिवनी, सीहोर, शिवपुरी, रायसेन, छिंदवाड़ा, विदिशा, शाजापुर, पांढुर्णा, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, झाबुआ, धार और आलीराजपुर में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।


