टॉयलेट सीट के अंदर बैठा था 5 फीट लंबा कोबरा, फन फैलाए सांप को देखकर घरवालों के उड़ गए होश!
शुरुआत में सांप को टॉयलेट सीट के पास देखा गया, लेकिन जब वह फन फैलाकर बैठ गया तो परिवार को इसकी गंभीरता का अंदाजा हुआ। इसके बाद किसी ने सांप को खुद पकड़ने या बाहर निकालने की कोशिश नहीं की।
MP News: मध्य प्रदेश के बैतूल में एक घर के टॉयलेट में उस समय हड़कंप मच गया, जब टॉयलेट सीट के अंदर करीब 5 फीट लंबा काला कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। कोबरा फन फैलाकर फुफकार रहा था, जिससे कुछ देर के लिए पूरे घर में डर का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार की नजर सांप पर पड़ गई और किसी को नुकसान नहीं हुआ।
गेट खोलते ही फन फैलाए दिखा कोबरा
यह मामला बैतूल के सोनाघाटी इलाके का है। रविवार देर रात के.के. मालवीया के मकान के टॉयलेट में परिवार के लोगों को कोबरा नजर आया। शुरुआत में सांप को टॉयलेट सीट के पास देखा गया, लेकिन जब वह फन फैलाकर बैठ गया तो परिवार को इसकी गंभीरता का अंदाजा हुआ। इसके बाद किसी ने सांप को खुद पकड़ने या बाहर निकालने की कोशिश नहीं की।
सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू
परिवार ने तुरंत स्थानीय सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले परिवार के सदस्यों को टॉयलेट से दूर रहने को कहा और इसके बाद सावधानी से रेस्क्यू शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान कोबरा लगातार फन फैलाए रहा। सांप को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। काफी सावधानी के बाद सर्पमित्र ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया। कोबरा के बाहर निकलते ही परिवार ने राहत की सांस ली।
टॉयलेट में कहां से पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं
करीब 5 फीट लंबे कोबरा के टॉयलेट सीट तक पहुंचने का रास्ता क्या था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बारिश के मौसम में सांप अक्सर पानी भरने या सुरक्षित जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। बैतूल में इससे पहले भी घरों के अंदर सांप मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
जुलाई में बैतूल के बडोरा स्काई सिटी इलाके में एक घर के सोफे के अंदर करीब 5 फीट लंबा कोबरा मिला था। उस मामले में भी सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने सांप का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा था।
कुछ देर की लापरवाही पड़ सकती थी भारी
टॉयलेट में कोबरा मिलने की यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाली है क्योंकि ऐसी जगह पर लोग आमतौर पर बिना ज्यादा ध्यान दिए चले जाते हैं। अगर सांप दिखाई नहीं देता और कोई व्यक्ति सीधे टॉयलेट सीट का इस्तेमाल करता, तो उसके बेहद करीब पहुंचने का खतरा था।
सर्पमित्र ने लोगों से अपील की है कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। खासकर बारिश के दिनों में घर के ऐसे हिस्सों पर ध्यान देना चाहिए, जहां सांप छिप सकते हैं। सांप दिखने पर लोगों को तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया कोबरा
रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित तरीके से घर से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया। घटना में परिवार के किसी सदस्य के घायल होने की जानकारी नहीं है।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोनाघाटी इलाके में भी इसकी चर्चा है। टॉयलेट जैसी जगह में फन फैलाए बैठे कोबरा को देखकर लोगों को कुछ समय के लिए यकीन ही नहीं हुआ कि इतना बड़ा जहरीला सांप घर के अंदर पहुंच सकता है।

