CM यूथ कॉन्क्लेव–2026: 20 हजार युवाओं से सीधा संवाद करेंगे मुख्यमंत्री, रोजगार-फ्यूचर टेक्नॉलजी पर होगा फोकस
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, संस्थानों, उद्योगों और स्टार्टअप से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

CM Youth Conclave-2026: युवाओं की आकांक्षाओं, रुचियों और भविष्य की आवश्यकताओं को समझने और उन्हें शिक्षा, कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नई तकनीकों से जुड़े अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 हजार विद्यार्थियों एवं युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनके विचारों, अपेक्षाओं एवं भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
रोजगार, स्टार्टअप और फ्यूचर टेक्नोलॉजी पर होगी चर्चा
कॉन्क्लेव का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को करियर, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, उद्यमिता, नवाचार, रिसर्च और फ्यूचर टेक्नोलॉजी से जुड़े अवसरों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, संस्थानों, उद्योगों और स्टार्टअप से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
17 विभागों समेत कई संस्थाओं की संयुक्त भागीदारी
सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 का आयोजन 17 शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। इसमें उच्च शिक्षा विभाग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई), तकनीकी शिक्षा विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, श्रम विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, आयुष विभाग तथा पुलिस एवं साइबर सुरक्षा सहित अन्य विभागों की सहभागिता रहेगी।
मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप भी युवाओं को स्टार्टअप, उद्यमिता एवं कौशल से जुड़े अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
विश्वविद्यालयों की भी रहेगी सक्रिय भागीदारी
कॉन्क्लेव में निजी विश्वविद्यालयों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। विभिन्न विश्वविद्यालय अपने स्टॉल के माध्यम से युवाओं को करियर, इनोवेशन, रिसर्च, टेक्नोलॉजी, उद्यमिता और इनक्यूबेशन सेंटर से जुड़ी गतिविधियों एवं अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराएंगे। विश्वविद्यालयों द्वारा प्रदर्शित गतिविधियों में Future Ready Education, Innovation, Technology, Entrepreneurship, Career Guidance, Drone Technology, Skills for the Future, Science Innovation एवं Entrepreneurship जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
80 स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों, संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और स्टार्टअप्स द्वारा लगभग 80 स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर तकनीक, कौशल, रोजगार, करियर, स्टार्टअप, उद्यमिता, रिसर्च, इनोवेशन और शासकीय योजनाओं से संबंधित जानकारी और अवसर उपलब्ध होंगे।
स्टार्टअप्स अपने उत्पादो का करेंगे प्रदर्शन
कॉन्क्लेव में मध्य प्रदेश स्टार्टअप सेंटर द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां विभिन्न स्टार्टअप अपने नवाचार और उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। स्टार्टअप सेंटर के प्रस्तावित स्टॉल में Stealthwing Technologies, Anantshree Vehicles, Efuel Products, Baiso Organics और Fixpoint Technology जैसे स्टार्टअप शामिल हैं।
इन स्टार्टअप्स के माध्यम से युवा आइडिया से इनोवेशन और इनोवेशन से उद्यमिता तक की संभावनाओं को करीब से समझ सकेंगे। इससे युवाओं को स्वयं का उद्यम शुरू करने, नए विचारों पर काम करने और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
फ्यूचर टेक्नोलॉजी और कौशल पर रहेगा विशेष जोर
कॉन्क्लेव में युवाओं को AI, Robotics, Drone Technology, Semiconductor Technology, Renewable Energy और EVs जैसी उभरती तकनीकों तथा कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी। विभिन्न संस्थानों और विश्वविद्यालयों के स्टॉल के माध्यम से युवाओं को भविष्य की तकनीकों में अध्ययन, प्रशिक्षण, नवाचार और करियर की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।
करियर से साइबर सुरक्षा तक-एक परिसर में कई अवसर
कॉन्क्लेव में करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, उद्योग एवं रोजगार, स्वास्थ्य, आयुष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, उद्यमिता और साइबर सुरक्षा सहित युवाओं से जुड़े अनेक विषयों पर जानकारी उपलब्ध होगी। पुलिस विभाग के स्टॉल में Women Security & Cyber Safety, Traffic Awareness, Community Policing, Jan-Suraksha और Yuva Jan Samvad जैसे विषयों पर युवाओं को जानकारी दी जाएगी।
युवाओं को क्या मिलेगा?
•करियर और रोजगार के अवसरों की जानकारी
•कौशल विकास एवं प्रशिक्षण की जानकारी
•स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ने का अवसर
•नवाचार एवं रिसर्च के अवसर
•AI एवं फ्यूचर टेक्नोलॉजी की जानकारी
•उद्योग एवं संस्थानों से संवाद का अवसर
•विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी
•साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी
•मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श से जुड़ी जानकारी
युवाओं की बात, युवाओं के अवसर
सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026 युवाओं को सुनने, उनकी आकांक्षाओं को समझने और उन्हें भविष्य के अवसरों से जोड़ने का मंच है। 20 हजार युवाओं से सीधा संवाद और लगभग 80 स्टॉल के माध्यम से यह आयोजन युवाओं को जानकारी, मार्गदर्शन और अवसर—तीनों एक साथ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनेगा।


.jpg&w=3840&q=75)
