होर्मुज में तेल टैंकर पर हमला, 5 भारतीय नाविक सुरक्षित; खाड़ी में बढ़ी समुद्री सुरक्षा की चिंता
होर्मुज जलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले तेल टैंकर MT काजिमाह III पर हमला हुआ। जहाज पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को ओमान में भारतीय दूतावास के समन्वय से सुरक्षित बचा लिया गया। खाड़ी क्षेत्र में 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भारत नजर रख रहा है।

Hormuz Strait Attack: होर्मुज जलडमरूमध्य में कुवैत के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर MT काजिमाह III पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। जहाज पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को ओमान में भारतीय दूतावास के समन्वय से सुरक्षित निकालकर किनारे पहुंचाया गया। हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और बढ़ा दी गई है।
हमले की चपेट में आया कुवैती तेल टैंकर
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे MT काजिमाह III को प्रोजेक्टाइल की चपेट में लिया गया। यह कुवैत के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर है, जो टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था। हमले के समय जहाज पर पांच भारतीय नागरिक मौजूद थे। हमले की जानकारी मिलते ही ओमान में भारतीय दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क कर बचाव अभियान में समन्वय किया। दूतावास के मुताबिक, सभी पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर किनारे पहुंचा दिया गया।
भारतीय दूतावास ने ओमान के अधिकारियों को दिया धन्यवाद
ओमान स्थित भारतीय मिशन ने बताया कि उसने हमले की चपेट में आए टैंकर पर मौजूद भारतीय नागरिकों के बचाव के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय किया। सभी पांचों भारतीय सुरक्षित हैं। दूतावास ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी जताया। फिलहाल हमले में किसी भारतीय के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में टैंकर पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार पक्ष की आधिकारिक पहचान अभी सामने नहीं आई है। क्षेत्र में पहले से जारी तनाव के बीच यह घटना समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली है।
खाड़ी क्षेत्र में 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 29 सितंबर को बताया था कि फारस की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में अलग-अलग व्यावसायिक जहाजों पर 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक मौजूद हैं। उन्होंने बताया था कि फारस की खाड़ी में भारत के झंडे वाले छह कमर्शियल जहाज हैं। इसके अलावा छह विदेशी झंडे वाले जहाज भारत के लिए कार्गो लेकर चल रहे हैं। इन 12 जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक सवार हैं। भारतीय शिपिंग मंत्रालय, विदेशों में मौजूद भारतीय मिशनों और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर जहाजों की आवाजाही और नाविकों की सुरक्षा पर नजर रख रहा है।




