अमित शाह का भोपाल दौरा, नए कानूनों की प्रदर्शनी से IISER तक कार्यक्रम; जानिए 11 से 7:50 बजे तक क्या शेड्यूल?
अमित शाह भोपाल में नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी, गोपालक सम्मेलन और सरकारी बैठक में शामिल होंगे। शाम को IISER कार्यक्रमों के बाद दिल्ली रवाना होंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा कई अहम कार्यक्रमों से जुड़ा है। वह दिनभर राजधानी में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शुरुआत नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी। इसके बाद वे गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे और मध्यप्रदेश सरकार तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विषयों को लेकर बैठक करेंगे। शाम को IISER के विस्तारित परिसर के शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात में विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे।
सुबह 11 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत
सुबह 11 बजे अमित शाह होटल ताज लेक फ्रंट से सड़क मार्ग से भेल दशहरा मैदान के लिए रवाना होंगे। 11:25 बजे वे भेल दशहरा मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक नए आपराधिक कानूनों पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
गोपालक सम्मेलन में होंगे शामिल
दोपहर 12:05 बजे से 1:05 बजे तक अमित शाह भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोपहर 1:05 बजे वे होटल ताज लेक फ्रंट के लिए रवाना होंगे और 1:30 बजे पहुंचेंगे।
लंच के बाद सरकार के साथ बैठक
दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक लंच का समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद 2:15 से शाम 4:15 बजे तक होटल ताज में मध्यप्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विषयों को लेकर बैठक होगी। लंच के दौरान भी संगठन और सरकार से चर्चा प्रस्तावित है। शाम 4:15 से 5:15 बजे तक नारकोटिक्स को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए समय रखा गया है।
शाम को IISER के कार्यक्रमों में शामिल होंगे
शाम 5:15 बजे अमित शाह होटल से IISER के विस्तारित परिसर, भौंरी के लिए रवाना होंगे। 5:40 बजे पहुंचने के बाद 5:45 से 6 बजे तक विस्तारित परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 6 बजे IISER के मुख्य परिसर के लिए रवाना होकर 6:05 बजे पहुंचेंगे।
स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
शाम 6:10 से 7:25 बजे तक IISER मुख्य परिसर में स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण और शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद 7:30 बजे स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे और 7:45 बजे पहुंचेंगे। शाम 7:50 बजे विशेष विमान से भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


.jpg&w=3840&q=75)
