धार में ₹1,353 करोड़ की लागत से तैयार परियोजना का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया लोकार्पण, 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के डही में ₹1,353.18 करोड़ की लागत से निर्मित डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया।

Dhar news. मध्यप्रदेश के जनजातीय अंचलों में कृषि विकास और किसानों की समृद्धि को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹1,353.18 करोड़ की लागत से निर्मित डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को सिंचाई की बड़ी सौगात मिली है।
अब तक क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए मुख्य रूप से बारिश पर निर्भर रहना पड़ता था। पर्याप्त सिंचाई संसाधन नहीं होने के कारण रबी सीजन में फसल उत्पादन करना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। लेकिन अब इस परियोजना के माध्यम से मां नर्मदा का जल आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा।
126 गांवों की 47 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से धार एवं आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे करीब 1.26 लाख किसान परिवार लाभान्वित होंगे। परियोजना के शुरू होने से किसानों को खेती के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और वे बेहतर तरीके से खरीफ के साथ रबी की फसल भी ले सकेंगे।
किसानों की आय बढ़ेगी
सिंचाई सुविधा का विस्तार होने से क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। किसान अब एक से अधिक फसल लेने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। खेती के बेहतर साधन उपलब्ध होने से रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिलेगी।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास को मिलेगी नई दिशा
डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना केवल सिंचाई सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनजातीय अंचलों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विकास को नई गति मिलने के साथ ही किसानों के जीवन में खुशहाली और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।






