दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट में 500 पुलिसकर्मी तैनात होंगे, बम की धमकी मिलने के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
सुरक्षा के लिए आयोजन स्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और क्राइम ब्रांच की टीमें दिन में 3 से 4 बार मैदान की जांच कर रही हैं।
Diljit Dosanjh Indore Concert: इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। 15 नवंबर को बायपास स्थित C-21 एस्टेट ग्राउंड पर होने वाले इस कार्यक्रम के लिए अब तक 7.17 करोड़ रुपए की टिकटें बिक चुकी हैं। 25 हजार से ज्यादा लोग टिकट खरीद चुके हैं। आयोजक BookMyShow ने टिकट बिक्री के आधार पर 60 लाख 82 हजार 795 रुपए मनोरंजन कर के रूप में इंदौर नगर निगम में जमा कराए हैं।
एक तरफ कॉन्सर्ट की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ लगातार मिल रही बम धमकियों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। अब तक तीन निजी स्कूलों, महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय, कई बैंकों और ग्वालियर हाईकोर्ट को धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। इनमें कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके करने की चेतावनी भी दी गई थी।
500 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
सुरक्षा के लिए आयोजन स्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और क्राइम ब्रांच की टीमें दिन में 3 से 4 बार मैदान की जांच कर रही हैं। ड्रोन से निगरानी के साथ आसपास के रास्तों और चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयोजकों ने 717 वॉलंटियर्स, बाउंसर्स और सिक्योरिटी गार्ड्स की सूची पुलिस को दी है। इनके दस्तावेजों और मैदान में लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। फायर सेफ्टी, महिलाओं की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का भी निरीक्षण हो रहा है।
4 बैंकों को भी मिला धमकी भरा मेल
12 नवंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, बंधन बैंक और महापौर कार्यालय को धमकी भरे ई-मेल मिले थे। पुलिस ने चारों जगह जांच कराई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे पहले तीन स्कूलों और मेयर कार्यालय को भी धमकी मिली थी। ग्वालियर हाईकोर्ट को भेजे गए ई-मेल में भी कॉन्सर्ट का जिक्र था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को एक धमकी वाले ई-मेल में देवास के युवक निखिल गुप्ता की हैक की गई आईडी का इस्तेमाल मिला। लॉगिन रिकॉर्ड में अमेरिका का संदिग्ध IP एड्रेस और VPN का इस्तेमाल सामने आया है। पुलिस साइबर एंगल से जांच कर रही है।
कॉन्सर्ट के दौरान बदला रहेगा ट्रैफिक
कार्यक्रम के दिन शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। बेस्ट प्राइस मोड़ से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों और बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इधर, दिलजीत ने सोशल मीडिया पर इंदौर आने की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह सबसे पहले छप्पन दुकान का पोहा खाएंगे।






-1.jpg&w=3840&q=75)