'साबरमती एक्सप्रेस में आग लगना दुर्घटना नहीं, साजिश थी', गोधराकांड को लेकर CBI के पूर्व डायरेक्टर का बड़ा खुलासा
अस्थाना ने बताया कि जांच के दौरान उन्हें गेस्ट हाउस में घटना से एक रात पहले हुई बैठक के बारे में जानकारी मिली थी। उनके मुताबिक, इसी बैठक में पेट्रोल लाने की योजना बनाई गई थी। रेलवे स्टेशन के पास स्थित पेट्रोल पंप से डिब्बों में पेट्रोल भरवाया गया था।
Godhra Train Burning Case: गुजरात के गोधरा ट्रेन अग्निकांड की जांच करने वाले सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर राकेश अस्थाना ने घटना से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान गोधरा के एक गेस्ट हाउस में पाकिस्तान से कई फोन कॉल आए थे। इसके अलावा घटना से कुछ दिन पहले आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के कुछ संदिग्ध सदस्यों के वहां ठहरने की जानकारी भी सामने आई थी। अस्थाना ने बताया कि सबरमती ट्रेन में आग लगना कोई दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश थी।
अस्थाना के मुताबिक, जांच टीम ने गोधरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित अमन गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रजाक 'कुरकुर' से पूछताछ की थी। गेस्ट हाउस के रजिस्टर और टेलीफोन रिकॉर्ड की भी जांच की गई। इस दौरान कई फोन कॉल पाकिस्तान से आने की बात सामने आई। उन्होंने दावा किया कि हिजबुल मुजाहिदीन के कुछ सदस्य घटना से कुछ दिन पहले वहां आए थे और उनके नाम गेस्ट हाउस के रजिस्टर में दर्ज थे।
पेट्रोल खरीदने की भी हुई थी तैयारी
अस्थाना ने बताया कि जांच के दौरान उन्हें गेस्ट हाउस में घटना से एक रात पहले हुई बैठक के बारे में जानकारी मिली थी। उनके मुताबिक, इसी बैठक में पेट्रोल लाने की योजना बनाई गई थी। रेलवे स्टेशन के पास स्थित पेट्रोल पंप से डिब्बों में पेट्रोल भरवाया गया था। जांच टीम ने पेट्रोल पंप से इससे जुड़े रिकॉर्ड भी जब्त किए थे।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच में गुजरात पुलिस के अलावा खुफिया एजेंसियों रॉ (RAW) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारियों से भी बातचीत हुई थी। हालांकि, उनके मुताबिक पूरी साजिश की बड़ी कड़ी को समझना आसान नहीं था।
27 फरवरी 2002 को हुआ था गोधरा अग्निकांड
27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगा दी गई थी। इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इसके बाद गुजरात के कई हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई थी।
इस मामले में 2011 में विशेष अदालत ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था। बाद में गुजरात हाईकोर्ट ने कुछ आरोपियों की सजा में बदलाव किया और कुछ को बरी किया। मामला लंबे समय तक कानूनी चर्चा में रहा।
2018 में खुद भी मुश्किल में घिरे थे अस्थाना
ABP न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अस्थाना से उनके करियर के सबसे मुश्किल दौर के बारे में भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि 2018 में CBI में उनके खिलाफ केस दर्ज होने और गिरफ्तारी की आशंका के बीच उन्हें कुछ समय के लिए अंडरग्राउंड क्यों होना पड़ा था।
इस पर उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित थी। उनका दावा था कि उन्हें बदनाम करने और करियर खत्म करने की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर 2018 को दर्ज हुआ मामला पहले से तैयार योजना का हिस्सा था। राफेल मामले से इस कार्रवाई के संबंध पर उन्होंने कहा कि वह पूरे भरोसे से कुछ नहीं कह सकते, लेकिन उस समय की परिस्थितियों को देखते हुए राजनीतिक पहलू से इनकार भी नहीं किया जा सकता। अस्थाना के इन बयानों के बाद गोधरा अग्निकांड की जांच और उनके अपने करियर से जुड़े विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

-2.jpg&w=3840&q=75)

-2.jpg&w=3840&q=75)