अय्याशी में खलल डाल रहा था पति! आशिक के साथ मिलकर पत्नी ने हत्या कर दी, गला घोंटने के बाद शव पर ट्रैक्टर चढ़ाया
वारदात के बाद शव और स्कूटी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर इसे दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।
MP News: मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला पुलिस जांच में हत्या निकला है। चांदपुर थाना क्षेत्र के मोरधी गांव में दिलीप वास्कले की मौत के बाद शुरुआत में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की बात सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया। पुलिस का दावा है कि दिलीप की पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद शव और स्कूटी पर ट्रैक्टर चढ़ाकर इसे दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदली जांच की दिशा
पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 को मोरधी गांव में दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। घटनास्थल की स्थिति देखकर मामला सामान्य सड़क दुर्घटना जैसा लग रहा था। शुरुआत में इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
हालांकि, कुछ परिस्थितियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। इसके बाद जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह गला घोंटना बताई गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की और आरोपियों की भूमिका खंगालनी शुरू की।
चार-पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस की जांच में सामने आया कि दिलीप की पत्नी सेंगली के गांव के ही रमेश नाम के व्यक्ति से पिछले चार-पांच साल से संबंध थे। पुलिस के अनुसार, दिलीप को इसकी जानकारी हो गई थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते सेंगली और रमेश ने दिलीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
खेत में ले जाकर गला घोंटने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को सेंगली ने रमेश को फोन कर बताया कि दिलीप नशे की हालत में है। इसके बाद रमेश अपने साथियों महेश और सिलदार के साथ पहुंचा। आरोप है कि तीनों दिलीप को घर के पीछे बने तुअर के खेत में ले गए। वहां पीले रंग की रस्सी से उसका गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दूसरी योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, दिलीप के शव को उसकी स्कूटी पर रखकर चांदपुर-साकड़ी रोड के पास ले जाया गया। वहां ट्रैक्टर से शव और स्कूटी को कुचला गया, ताकि देखने वालों को लगे कि दिलीप की मौत सड़क हादसे में हुई है।
मोबाइल फोन से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन मिला। तकनीकी जांच में यह फोन दशरिया नाम के व्यक्ति का निकला। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद सेंगली, रमेश, महेश, दशरिया और नानसिंह उर्फ नानका को गिरफ्तार कर लिया गया। सिलदार अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 61(2) और 3(5) जोड़ी गई हैं। ये धाराएं हत्या, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और साझा आपराधिक भूमिका से जुड़ी हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।







