जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, बाइक से आए हमलावरों ने चलाईं गोलियां; 3 जवान घायल
कुलगाम में बाइक सवार हमलावरों ने CRPF नाके पर फायरिंग की। हमले में तीन जवान घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार दोपहर आतंकियों ने CRPF जवानों पर हमला कर दिया। आखरन-नौपुरा इलाके में नाके पर तैनात जवानों पर बाइक सवार दो युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन जवान घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
नाके पर जांच कर रहे थे जवान
जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के आखरन-नौपुरा में CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों ने नाका लगाया था। यहां से गुजरने वाले वाहनों और लोगों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक नाके के पास पहुंचे और जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
फायरिंग के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। तीन जवान गोली लगने से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। दूसरे जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संयम बरता। इसी बीच हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर आसपास के सुरक्षा शिविरों से अतिरिक्त बल भी पहुंच गया।
तीन जवान घायल, एक की हालत गंभीर
घायल जवानों को इलाज के लिए GMC अनंतनाग ले जाया गया। उनकी पहचान इस प्रकार है:
- सीटी/जीडी राकेश दास, निवासी असम
- सीटी/जीडी संतोष चंद्रू, निवासी पश्चिम बंगाल
- एचसी/जीडी सोमवीर सिंह, निवासी मध्यप्रदेश
डॉक्टरों के अनुसार, एक जवान की टांग, दूसरे की बाजू और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। जवान संतोष चंद्रू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमलावरों की तलाश में तलाशी अभियान
हमले के बाद CRPF, पुलिस और सेना ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। शुरुआती जानकारी में TRF से जुड़े एक मॉड्यूल पर संदेह जताया गया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

-2.jpg&w=3840&q=75)


.jpg&w=3840&q=75)