आम आदमी पर महंगाई की दोहरी मार! MP में दूध के बाद दालों और बेसन के रेट बढ़े, तुअर की दाल 150 रुपये किलो
थोक कारोबारियों के मुताबिक बाजार में यह बदलाव मांग और सामान की उपलब्धता के कारण हुआ है। दीपावली के बाद मंडियों में पुराना स्टॉक सीमित हो गया है।
MP News: दीपावली का त्योहार खत्म होने के बाद अब शादी का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में भोपाल के किराना बाजार में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बदलाव देखने को मिल रहा है। रोजमर्रा के खाने में इस्तेमाल होने वाली दालें और बेसन महंगे हो गए हैं। अच्छी क्वालिटी की तुअर दाल के भाव 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। दूसरी ओर शक्कर, आटा, मैदा और कुछ ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में गिरावट आने से आम लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
थोक कारोबारियों के मुताबिक बाजार में यह बदलाव मांग और सामान की उपलब्धता के कारण हुआ है। दीपावली के बाद मंडियों में पुराना स्टॉक सीमित हो गया है। वहीं शादी-विवाह के आयोजनों के कारण खाद्य सामग्री की मांग बनी हुई है। इसका असर खासतौर पर दालों की कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
तुअर दाल एक सप्ताह में 12 रुपये तक महंगी हुई
भोपाल के थोक बाजार में तुअर दाल की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली है। अच्छी क्वालिटी की तुअर दाल के भाव 80 से 138 रुपये प्रति किलो की रेंज से बढ़कर 90 से 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। यानी ऊंची रेंज वाली तुअर दाल में एक सप्ताह के दौरान करीब 12 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।
दूसरी दालों के भाव भी बढ़े हैं। हरी मूंग दाल पहले 85 से 96 रुपए किलो बिक रही थी, जो अब 88 से 98 रुपए हो गई है। उड़द दाल 113-123 रुपये से बढ़कर 115-125 रुपये किलो पहुंच गई है। मूंग मोगर के भाव 103-108 रुपये से बढ़कर 105-110 रुपये और चना दाल 86-89 रुपये से बढ़कर 90-94 रुपये प्रति किलो हो गई है। थोक चावल-दाल व्यापारी संघ के मुताबिक, भोपाल से आसपास के जिलों में रोजाना 100 टन से ज्यादा दालों की आपूर्ति होती है। ऐसे में कीमतों में होने वाले बदलाव का असर कई क्षेत्रों के बाजार पर पड़ता है।
बेसन के दाम भी 10 रुपये तक बढ़े
दालों के साथ बेसन खरीदने वालों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। 1 नवंबर को बेसन 92 से 95 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जबकि 14 नवंबर तक इसके भाव बढ़कर 98 से 105 रुपये प्रति किलो हो गए। यानी कीमतों में 6 से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। शादी के सीजन में नमकीन, मिठाई और दूसरे व्यंजन बनाने में बेसन की खपत बढ़ने से इसकी मांग भी बनी हुई है।
शक्कर और आटे के दाम घटने से राहत
जहां दालें महंगी हुई हैं, वहीं कुछ जरूरी सामान सस्ता भी हुआ है। 1 नवंबर को शक्कर 61 रुपये किलो थी, जो अब घटकर 58 रुपये पर आ गई है। आटे के भाव 33.50-35 रुपये से घटकर 32-34 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। मैदा भी 36-37 रुपये से कम होकर 34.50-35.50 रुपये प्रति किलो पर आ गया है।
बादाम और किशमिश भी हुए सस्ते
दीपावली के बाद ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी नरमी आई है। कारोबारियों के मुताबिक, इनके भाव में करीब 5 से 10 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। किशमिश पहले 400 से 550 रुपये किलो बिक रही थी, जो अब 350 से 500 रुपये रह गई है। बादाम के भाव भी 850-1200 रुपये से घटकर 800-1100 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। हालांकि, काजू की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह अभी भी 850 से 1200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
फिलहाल किराना बाजार में कीमतों का यह उतार-चढ़ाव जारी है। आने वाले दिनों में नई फसल की आवक और शादी के सीजन की मांग से तय होगा कि दालों के भाव में राहत मिलती है या आम लोगों की रसोई का खर्च और बढ़ता है।




