कुंडा में कल से बाबा बागेश्वर की कथा, राजा भैया के इलाके में 8 दिशाओं से निकली कलश यात्रा; गाड़ियों के काफिले दिखे
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक रामकथा का आयोजन होना है। कथा से पहले निकाली गई कलश यात्राओं का समापन इसी आयोजन स्थल पर हुआ।
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा से पहले सोमवार, 16 नवंबर को पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। कथा की शुरुआत से एक दिन पहले कुंडा और आसपास के क्षेत्रों में आठ अलग-अलग स्थानों से कलश यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और स्थानीय लोग शामिल हुए। खास बात यह रही कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के दोनों बेटों को भी यात्रा की जिम्मेदारी दी गई।
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक रामकथा का आयोजन होना है। कथा से पहले निकाली गई कलश यात्राओं का समापन इसी आयोजन स्थल पर हुआ। चार विकासखंडों और चार नगर पंचायतों से निकली इन यात्राओं के जरिए श्रद्धालुओं को कथा से जोड़ने और आयोजन का माहौल बनाने की कोशिश की गई।
राजा भैया के दोनों बेटों को मिली जिम्मेदारी
कलश यात्रा के नेतृत्व की जिम्मेदारी राजा भैया के परिवार के सदस्यों और जनसत्ता दल के नेताओं को सौंपी गई थी। कालाकांकर ब्लॉक से निकली यात्रा का नेतृत्व राजा भैया के बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने किया। वहीं, बाबागंज ब्लॉक के कनावा गांव से शुरू हुई यात्रा की कमान छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह के हाथों में रही। कुंडा ब्लॉक में डीहा गांव स्थित संत राज महाविद्यालय से निकली यात्रा का नेतृत्व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव डॉ. केएन ओझा ने किया। बिहार ब्लॉक में गोपाल बिहार मुख्यालय से निकली यात्रा की जिम्मेदारी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने संभाली।
इसके अलावा कुंडा नगर पंचायत में रोडवेज बस अड्डे से निकली यात्रा का नेतृत्व चेयरमैन प्रतिनिधि शिव कुमार तिवारी ने किया। डेरवा में चेयरमैन कुंवर बहादुर पटेल ने जिम्मेदारी संभाली। मानिकपुर और हीरागंज नगर पंचायतों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा के नेतृत्व में शामिल रहे।
जगह-जगह हुआ स्वागत, फूलों की बारिश
कलश यात्राओं के दौरान रास्ते में कई जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कालाकांकर से निकली यात्रा आलापुर होते हुए झम्मा नगर पहुंची। यहां लोगों ने फूल बरसाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीन से भी फूल बरसाए गए। यात्रा नवाबगंज, परियावां और दूसरे गांवों से होती हुई बेंती राजभवन पहुंची। रास्ते में मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की गई।
17 नवंबर से शुरू होगी रामकथा
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 17 से 20 नवंबर तक श्रीराम कथा सुनाएंगे। आयोजन के अंतिम दिन 20 नवंबर को दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के लिए बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं और भोजन तथा ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो ने सात विशेष बसें चलाने की तैयारी की है। ये बसें प्रतापगढ़ के अलावा पट्टी, रानीगंज और लालगंज क्षेत्र से लोगों को कथा स्थल तक पहुंचाएंगी। आयोजन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। इस आयोजन में राजा भैया का परिवार और जनसत्ता दल के कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे हैं। कलश यात्रा के जरिए रामकथा से पहले कुंडा और बाबागंज में धार्मिक माहौल बन गया है।

-2.jpg&w=3840&q=75)